नगर निगम चुनाव : धर्मशाला, सोलन, मंडी और पालमपुर में उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित

शिमला ।
प्रदेश के 4 नगर निगमों धर्मशाला, सोलन, मंडी और पालमपुर के 64 वार्डों में चुनाव लडऩे के लिए 293 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं। शनिवार को कुल 49 प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिए हैं। 7 अप्रैल को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतगणना और फिर नतीजे घोषित किए जाएंगे। 4 नगर निगम, ६ नगर पंचायतों के वार्ड सदस्यों और ३ ब्लॉकों के प्रधान पदों के लिए कुल 1073 पर्चे दाखिल हुए थे। कई प्रत्याशियों ने दो से अधिक नामांकनपत्र दाखिल किए हैं।

८ नामांकन पत्रों को छंटनी के बाद रद्द कर दिया है। नाम वापसी के बाद चुनाव आयोग ने शनिवार को ही उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए हैं। निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में उतरे हैं। धर्मशाला नगर निगम के चुनाव में 17 वार्डों में 80 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां छह ने नामांकन वापस ले लिए। पालमपुर नगर निगम के 15 वार्डों में 64 प्रत्याशी मैदान में हैं। मंडी नगर निगम के 15 वार्डों में 89 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। सोलन नगर निगम के 17 वार्डों  में 60 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे।