सरसों तेल और राजमाह हुए महंगे

laal rajma

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। शिमला
दिवाली से पहले राजधानी के बाजारों में सरसों तेल, चायपत्ती और राजमाह समेत खाने पीने की कई चीजों के दाम बढ़ गए हैं। पिछले 20 दिन में कई ब्रांडेड कंपनियों की चायपत्ती होलसेल में ही 120 से 200 रुपए प्रति किलो तक महंगी हो गई है। अढ़ाई सौ ग्राम की पैकिंग के रेट भी 15 से 30 रुपए तक बढ़ गए हैं।

इसके अलावा सरसों तेल के दाम 150 रुपए पहुंच गए हैं। पी मार्का कंपनी का तेल होलस में 150 रुपए जबकि रिटेल में 155 से 160 रुपए प्रति लिटर बिक रहा है। बाकी कंपनियों के तेल भी 130 से 140 रुपए प्रति लिटर तक पहुंच गए हैं। राजमाह के दामों में भी तेजी आई है। अनाज मंडी में बढिय़ा किस्म की राजमा 130 रुपए होलसेल जबकि 140 रुपए रिटेल में मिल रही है। अनाज मंडी के कारोबारियों के मुताबिक त्योहारी सीजन में कुछेक चीजों के दाम बढ़े हैं। दूसरे राज्यों से आ रही सप्लाई महंगे रेट पर मिल रही है। आलू और प्याज के रेट कम न होने से लोगों की जेबें ढीली हो रही हैं। प्याज के रेट 60 रुपए जबकि आलू 50 रुपए प्रति किलो बिक रहा है। शहर में अफगानी प्याज भी पहुंच गया है, जो 40 से 50 रुपए किलो बिक रहा है।

अनाज मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक श्रीधर ने कहा कि लॉकडाउन लगने के समय लोगों ने राशन की भारी खरीददारी की थी। इसके कई महीने बाद अनाज का कारोबार लगभग ठप पड़ा रहा। अब त्योहारी सीजन में कारोबार फिर दोगुना हो गया है।