ऐतिहासिक रिज मैदान पर मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस

मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धाजंलि

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। शिमला

देश आज पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि व सरदार बलभभाई पटेल की 146वीं जयंती मना रहा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रिज मैदान पर स्थित इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धाजंलि अर्पित की, तो वहीं राष्ट्रीय एकता दिवस पर रिज मैदान पर परेड की सलामी ली व राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सरदार पटेल का देश की एकता अखंडता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, लेकिन उन्हें जो सम्मान मिलना चाहिए था, वह नहीं मिल पा रहा था।

इसलिए 2014 में उन्हें स्मरण करने के लिए इस दिन को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि गुजरात में सरदार पटेल की सबसे बड़ी स्टेचू ऑफ यूनिटी का निर्माण किया गया है। पटेल ने देश की स्वतंत्रता व इसके बाद 562 रियासतों के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं, मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गान्धी का देश की प्रधानमंत्री के तौर पर महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने जीवन का बलिदान राष्ट्र के लिए दे दिया। आज उन्हें श्रद्धाजंलि देकर उनके कामों को याद किया गया है।