भाजपा का एजेंट बनकर काम न करें अधिकारी : सुक्खू

एमसी शर्मा। नादौन

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं नादौन के विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन के प्रशासन को चेताते हुए कहा है कि नादौन प्रशासन भाजपा का एजेंट बन कर काम न करें। उन्होंने कहा कि नादौन बाजार में कांग्रेस की विचारधारा से संबंधित लोगों के ही क्यों प्रशासन द्वारा चालान काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों पर उनकी पैनी नजर है, जो अधिकारी भाजपा के एजेंट बन कर कांग्रेस की विचारधारा से संबंधित लोगों को परेशान कर रहे हैं, जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए यह भी कहा है कि अगर अधिकारियों का ऐसा रवैया आगे भी जारी रहा, तो कांग्रेस पार्टी उनके खिलाफ मोर्चा खोलने और उनके खिलाफ प्रदर्शन करने से भी गुरेज नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा प्रशासनिक अमले का इतना बड़ा दुरुपयोग उन्होंने कभी भी किसी सरकार में नहीं देखा। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि अधिकारी निष्पक्ष तरीके से नियमानुसार की कार्य करें। भाजपा सरकार के दबाव में पक्षपात करना बिल्कुल गलत है।