सुक्खू सरकार बनने के एक महीने बाद आज होगा मंत्रिमंडल विस्तार, ये 8 विधायक ले सकते हैं शपथ

One month after the formation of Sukhu government, cabinet expansion will take place today, these 8 MLAs can take oath

उज्जवल हिमाचल। शिमला

हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार का विस्तार आज होगा। राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर राजभवन में सुबह 10 बजे नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। राजभवन प्रशासन ने शपथ ग्रहण की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बीच शपथ ग्रहण करने वाले मंत्रियों ने अपने समर्थकों के साथ शिमला में डेरा डाल दिया है। सुक्खू कैबिनेट में अधिकतम 10 मंत्री बनाए जाने हैं। पहले चरण में 6 से 7 मंत्री बनाए जा सकते हैं।

प्रदेश में कांग्रेस के सरकार बनाने के एक माह बाद मंत्रिमंडल विस्तार होने जा रहा है। 68 सदस्यीय हिमाचल विधानसभा चुनाव के 8 दिसंबर 2022 को घोषित नतीजों में कांग्रेस 40 सीटें जीतकर सत्ता पर काबिज हुई है, जबकि भाजपा को 25 सीटें मिली हैं। 3 सीटें निर्दलियों के खाते में गई थी। कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 11 दिसंबर 2022 को शपथ ली थी।

यह भी पढ़ेंः नूरपुर में 55 ग्राम चिट्टा सहित 2 नशा तस्कर गिरफ्तार

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सिरमौर जिला से हर्षवर्धन चौहान, सोलन जिला से धनीराम शांडिल, बिलासपुर जिला से राजेश धर्माणी, कांगड़ा जिला से चंद्र कुमार एवं सुधीर शर्मा, कुल्लू जिला से सुंदर ठाकुर, किन्नौर जिला से जगत सिंह नेगी और शिमला जिला से विक्रमादित्य सिंह का मंत्री बनना लगभग तय है। इसके अलावा रोहित ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह, संजय रत्न, राम कुमार, राजेंद्र राणा, रघुवीर सिंह बाली के नाम भी आगे चल रहे हैं।

कांग्रेस में मंत्री पद के लिए काफी खींचतान चल रही थी। सुक्खू और प्रतिभा खेमे के विधायक मंत्री बनने के लिए दिल्ली दरबार तक लॉबिंग में जुटे रहे। वयोवृद्ध कांग्रेस विधायक धनीराम शांडिल ने वरिष्ठता का हवाला देते हुए हाईकमान से खुद को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने तक की पैरवी कर डाली थी। कैबिनेट विस्तार के दौरान हाईकमान के समक्ष सुक्खू और प्रतिभा सिंह के खेमों में सामंजस्य बिठाने के साथ क्षेत्रीय एवं जातीय संतुलन को साधने की चुनौती रहेगी।

संवाददाताः ब्यूरो शिमला

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।