प्रतिभा सिंह के साथ प्रचार अभियान में जुटा पंडित सुखराम परिवार

उमेश भारद्वाज। मंडी

30 अक्तूबर को मंडी संसदीय क्षेत्र से होने जा रहे उपचुनाव को लेकर एकाएक सुखराम परिवार भी इन एक्शन आ गया है, जहां सदर भाजपा विधायक अनिल शर्मा द्वारा चुनाव प्रचार को लेकर भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। वहीं, पंडित सुखराम के पोते एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव आश्रय शर्मा ने भी कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के प्रचार को लेकर अपना दर्द बयां किया है। आश्रय शर्मा ने कहा कि प्रतिभा सिंह के प्रचार सामग्री में पंडित सुखराम का फोटो नहीं दिख रहा है।

  • लेकिन आश्रम शर्मा ने लगाया आरोप, बयां किया अपना दर्द
  • कहा, प्रतिभा सिंह की प्रचार सामग्री में नहीं दिख रहा पंडित सुखराम का चित्र
  • 2017 के चुनावों में हमने दिया था वीरभद्र परिवार को पूरा सम्मान

उन्होंने कहा कि जब उन्होंने 2019 में लोकसभा का चुनाव लड़ा था, तो उसमें राजा वीरभद्र सिंह और उनके सपुत्र विक्रमादित्य सिंह का फोटो चुनाव सामग्री में अंकित किया था, लेकिन पंडित सुखराम का फोटो प्रचार सामग्री में नहीं लगाने से वह काफी आहत हैं। उन्होंने कहा कि मान सम्मान हर व्यक्ति को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रचार सामग्री में पंडित सुखराम का फोटो नहीं लगाने से कांग्रेस पार्टी से एक बड़ी चूक हुई है, उन्हें भविष्य में इसमें सुधार करना चाहिए। वहीं, अब सवाल है कि आश्रय शर्मा ने जो आरोप लगाए हैं, उससे सोचना अब लाजमी है कि क्या पंडित सुखराम परिवार प्रतिभा सिंह के पक्ष में प्रचार करने के लिए दिल से उतरा है या नहीं। यह तो आने वाला समय ही तय करेगा, जब चुनाव परिणाम के नतीजे सामने होंगे।