पूर्व विधानसभा अध्यक्ष पंडित तुलसीराम का निधन

कुछ समय से चल रहे थे बीमार, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जताया शोक

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे । शिमला

कुछ समय से बीमार चल रहे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष पंडित तुलसीराम का निधन हो गया है। पंडित तुलसीराम 76 के थे। सोमवार देर रात कांगड़ा के निजी अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। कांगड़ा से उनकी पार्थिव देह भरमौर लाई गई है। खड़ली खड्ड पर उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। जानकारी के अनुसार तुलसीराम ने रात 11 बजे कांगड़ा के निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह काफी समय से किडनी रोग से पीडि़त थे। इन दिनों वह पालमपुर स्थित अपने घर में ही रह रहे थे। वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने तुलसीराम के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और शोकग्रस्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

राजनीतिक सफर
पंडित तुलसीराम जिला चंबा के भरमौर के रहने वाले थे, उन्होंने वर्ष 1990 में भरमौर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा व जीत हासिल की। इसके बाद वर्ष 1998 तथा वर्ष 2007 में भी उन्होंने चुनाव जीतकर भरमौर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। इन्हें वर्ष 2008 में हिमाचल प्रदेश विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया था। इसके बाद वे चुनाव नहीं लड़े। पंडित तुलसीराम वर्तमान में जिला कांगड़ा के पालमपुर में अपने मकान में रह रहे थे। पंडित तुलसीराम के दो बेटे और दो बेटियां हैं, उनकी पत्नी भरमौर से जिला पार्षद रह चुकी हैं, उनके निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं व क्षेत्र में शोक की लहर है।