हिमाचल : रिहायशी इलाके में तेंदुए की चहलकदमी से दहशत का माहौल

उमेश भारद्वाज। मंडी

मंडी जिला के विकास खंड बल्ह के लेदा गांव में तेंदुए द्वारा सरेआम चहलकदमी करने से बुधवार को दहशत का माहौल बन गया है। मामले में तेंदुआ मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वहीं घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि तेंदुआ बुधवार को सुबह लगभग 5 बजे के करीब सीसीटीवी कैमरे में देखा गया है।

तेंदुआ लेदा गांव के रिहायशी इलाके में चहलकदमी कर रहा है। बता दें कि लेदा गांव एक घनी आबादी वाला गांव है और क्षेत्र के लोग सुबह सैर सपाटे को लेकर बाहर निकलते हैं। वहीं इस प्रकार से सरेआम तेंदुए के दिखने से लोगों में दहशत का माहौल है और लोग अपने छोटे-छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी असहज महसूस कर रहे हैं।


स्थानीय लोगों अमन शर्मा, अतुल, नीरज, रामलाल, चमन गुप्ता आदि ने कहा कि क्षेत्र में तेंदुए को 1-2 महीना पहले देखा गया था। लेकिन अब दोबारा तेंदुआ गांव में दिखने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से पिंजरा लगाकर पकड़ने की मांग की है।