लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी पदाधिकारियों को जल्द दी जाएंगी जिम्मेदारियां

उज्ज्वल हिमाचल। शिमला

हिमाचल प्रदेश में 15 दिसंबर तक कांग्रेस बूथ कमेटियां नहीं बनाने वाले ब्लॉक भंग किए जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने संगठन की मजबूती के लिए यह निर्देश जारी कर दिए हैं। पार्टी ने लोकसभा चुनाव को लेकर सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार का फैसला भी लिया है। इसके लिए सुक्खू सरकार को योजनाओं की प्रचार सामग्री अभी से तैयार करने का आग्रह किया गया है।

प्रतिभा सिंह ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों से अपने-अपने सभी बूथों की कमेटियां गठित करने व इसकी पूरी सूची प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए हैं। ब्लॉक अध्यक्षों से अपने ब्लॉकों में 15 दिसंबर से पूर्व या इस दिन तक पार्टी की आम सभा बुलाने को भी कहा है। वीरवार देर शाम तक पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला में जिला और ब्लॉक अध्यक्षों के साथ हुई बैठक में प्रतिभा सिंह ने कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी पदाधिकारियों को जल्द अहम जिम्मेदारियां दी जाएंगी। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुटता के साथ कार्य करने का आग्रह किया। जो पदाधिकारी निष्क्रिय हैं, उन्हें जल्द पदमुक्त करने पर विचार किया जाएगा।

यह भी पढ़ेंः  हर नागरिक की पहचान देश की नागरिकता के बिना अधूरीः कर्मजीत

जल्द ही प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। प्रतिभा सिंह ने पार्टी के कार्यक्रमों व बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों की पूरी जानकारी जिला व ब्लॉक अध्यक्षों से मांगी है। संगठन के आदेशों की अवहेलना सहन नहीं की जा सकती। जो पदाधिकारी अपने दायित्व का पालन या पार्टी के कार्यक्रमों को समय नहीं दे पा रहे हैं, उन्हें स्वयं ही पद से हट जाना चाहिए।

ब्यूरो रिपोर्ट शिमला 

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें