लाइव वर्चुअल जन संपर्क एक श्रृंखला के तहत बताईं जाएंगी लोगों को कृषि योजनाएं

जतिन लटावा। जोगिंद्रनगर

उपमंडल जोगिंद्रनगर के किसानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न विकास योजनाओं के साथ-साथ प्राकृतिक खेती बारे 15 दिसंबर को वर्चुअल माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस दौरान जहां कृषि विकास से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी लोगों के बीच रखी जाएगी, तो वहीं प्राकृतिक खेती बारे भी किसानों को जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा कृषि विकास योजनाओं के साथ-साथ प्राकृतिक खेती से जुड़े कुछ प्रगतिशील किसानों के अनुभव भी लोगों के साथ साझा किये जाएंगे।

मीडिया कर्मियों के साथ चर्चा करते हुए एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने बताया कि लाइव वर्चुअल जन संपर्क-एक श्रृंखला के अंतर्गत दूसरे एपिसोड में आगामी 15 दिसंबर को सायं 4 से 5 बजे तक कृषि विकास से जुड़ी योजनाओं के साथ-साथ प्राकृतिक खेती बारे लोगों से सीधा वर्चुअल जन संपर्क किया जाएगा। इस दौरान जहां कृषि विभाग के विभिन्न कृषि विकास से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी लोगों के बीच रखेंगे, तो वहीं प्राकृतिक खेती एवं इससे होने वाले लाभ की जानकारी भी लोगों के बीच साझा की जाएगी।

यह भी देखें : NSS से सुदृढ़ होंगीं छात्राएं, होगा स्वर्गिण विकास….

साथ ही बताया कि इस दौरान जोगिंद्रनगर उप मंडल में विभिन्न कृषि विकास योजनाओं एवं प्राकृतिक खेती से जुड़े कुछ प्रगतिशील किसानों के अनुभवों को भी लोगों के साथ न केवल साझा किया जाएगा, बल्कि इन योजनाओं के साथ जुडऩे के लिए किसानों को प्रेरित भी किया जाएगा। उनका कहना है कि इस लाइव वर्चुअल जन संपर्क एक श्रृंखला को शुरू करने का प्रमुख उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी मुहैया करवाना है। साथ ही विभिन्न कृषि विकास योजनाओं एवं प्राकृतिक खेती से अब तक हुई प्रगति की जानकारी को भी आम जनमानस के साथ साझा करना है।

उन्होंने बताया कि इसी श्रृंखला के पहले एपिसोड में गत माह 18 नवंबर को कोविड वैक्सीनेशन एवं इससे जुड़ी भ्रांतियों बारे लोगों को चिकित्सा विशेषज्ञों की मौजूदगी में जागरूक किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि एपिसोड दो का सीधा प्रसारण एपीआरओ जोगिंद्रनगर के फेसबुक अकांउट के साथ-साथ विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में 15 दिसंबर को सायं 4 से 5 बजे के बीच किया जाएगा। इस दौरान किसान अपनी विभिन्न समस्याओं को भी रख सकते हैं, जिस बारे कृषि अधिकारियों द्वारा यथा संभव समाधान करने का भी हरसंभव प्रयास किया जाएगा।