मोदी की तानाशाही के खिलाफ अपने मत का प्रयाेग करेगी जनता : प्रतिभा सिंह

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। रामपुर

मंडी ससंदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ रही कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने कहा है कि यह उप चुनाव देश प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तानाशाही नीतियों के खिलाफ बड़ा जनमत साबित होगा। उन्होंने कहा कि आज देश जिन परिस्थितियों व गंभीर चुनाैतियों से गुज़र रहा है, उस सबकी की जिम्मेदार केंद्र की मोदी सरकार है। इसे न देश की चिंता है, न लोगों की। लोगों ने अब इसे सत्ता से बाहर करने और इसे सबक सिखाने का पूरा मन बना लिया है और इसकी शुरुआत मंडी ससंदीय क्षेत्र से उनकी जीत से शुरू होगी। यह चुनाव परिणाम देश की भावी राजनीति की दिशा और दशा तय करेगा। आज रामपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत दत्त नगर, निरथ व तकलेच में चुनावी सभाओं को संबाेधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि आज से पहले जब भी वह यहां के दौरे पर आती थी, तो हमेशा ही वीरभद्र सिंह उनके साथ होते थे।

आज उनकी कमी उन्हें ही नही पूरे प्रदेश व क्षेत्र में खल रही है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह भले ही अब उनके बीच नहीं है, पर उनके आदर्श, उनका स्नेह व मार्गदर्शन हमेशा उनके साथ रहेगा। उन्हीं के पथ पर चलते हुए वह और उनका परिवार उसी तरह से जनसेवा में रहेगा। जैसे वीरभद्र सिंह करते थे। प्रतिभा सिंह ने इस दौरान भाबुक होते हुए वीरभद्र सिंह का सादगी और लोगों के सेवा के प्रति उनके प्यार व समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह लोगों के दुख दर्द को भली-भांति समझते थे। किसी भी क्षण दीन दिन हो या रात दु:खियों की सेवा भाव ही उनका पहला कार्य होता था। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा ही प्रदेश की भलाई व समाज सेवा के कार्य किए। प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने आज उन्हें फिर से मंडी संसदीय क्षेत्र से इस उप चुनाव में उतारा है।

उन्होंने कहा कि वह पहले भी इस क्षेत्र की सांसद रह चुकी है, उस दौरान भी उन्होंने इस क्षेत्र में अपनी सासंद निधि से अनेक कार्य पूरे किए। आज यह क्षेत्र पूरी तरह से विकसित क्षेत्रों में जाना जाता है। यह सब वीरभद्र सिंह की ही देन रहा। उन्होंने कहा कि उनका एक एक वोट वीरभद्र सिंह के लिए उनकी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। प्रतिभा सिंह ने भाजपा पर क्षेत्रवाद की राजनीति करने और लोगों में झूठ बोल कर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा का असली चेहरा अब लोगों के सामने आ चुका है।

तीन नए कृषि कानूनों को लेकर देश के किसानों व बागबानों एक वर्ष से सड़कों पर बैठा है। सरकार उनसे बात तक नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों की बजह से सेब बागबानों को भी बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है। उन्होंने कहा कि आज कोविड महामारी के दौरान सरकार ने किसी भी वर्ग को कोई राहत प्रदान नहीं की। उन्होंने कहा कि सरकार का बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी पर कोई नियंत्रण नही है। डिपुओ से दिए जाने वाला सस्ते राशन की की योजना भी दम तोड़ गई है।