हिमाचल में भाजयुमो की रैली को संबोधित करेंगे पीएम मोदी

उज्जवल हिमाचल। शिमला

जून में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारतीय जनता युवा मोर्चा की रैली को संबोधित करेंगे। यह रैली हिमाचल प्रदेश में ही होगी। देशभर में यह मोर्चा की पहली रैली है, जिसे प्रधानमंत्री संबोधित करेंगे। यह बात भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कही। सोलन शहर में शनिवार को उन्होंने मोर्चा के राज्यस्तरीय अभ्यास वर्ग का शुभारंभ किया।

तेजस्वी सूर्या ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में युवा मोर्चा काफी सक्रिय है और यहां के संगठन का विस्तारक माडल पूरे देश में लागू किया जा रहा है। तेजस्वी वर्ष 2013 में मोदी ब्रिगेड से जुड़े थे और बेहतरीन काम करने के बाद उन्हें लोकसभा का टिकट मिला।

अभ्यास वर्ग के दूसरे सत्र में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि विधानसभा चुनाव में युवा मोर्चा की अहम भूमिका रहेगी। युवा मोर्चा को संगठन के रूप में काम करना होगा व प्रदेश सरकार के विकास कार्यों को गांव गांव तक पहुंचाना होगा। प्रदेश में युवा मोर्चा बेहतरीन कार्य कर रहा है। इसके बाद भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा ने भी प्रदेशभर से आए युवा पदाधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर विचार प्रस्तुत किए।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल ने हमारी कार्य प्रणाली व व्यक्तिगत विकास विषय पर विचार प्रकट किए। शाम के सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय सचिव विनीत त्यागी ने वर्ष 2014 के बाद भारतीय राजनीति में आए बदलाव विषय पर संबोधित किया।

इसके बाद भाजपा सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक कपिल परमार ने राजनीति में इंटरनेट मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डाला। अंत में भाजपा के राष्ट्रीय प्रभारी तरुण चुग ने संगठन की गतिविधियों से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि संगठन की दृष्टि से भाजपा देश की सबसे मजबूत पार्टी है। अभ्यास वर्ग का समापन रविवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करेंगे।