लखीमपुर खीरी जा रहीं प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में लिया

उज्जवल हिमाचल। डेस्क

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में रविवार को किसानों के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में 8 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 4 किसान, 3 बीजेपी कार्यकर्ता और 1 बीजेपी नेता का ड्राइवर शामिल है। इस बीच लखीमपुर खीरी मामले को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है और अलग-अलग पार्टियों के नेता लखीमपुर खीरी आने की कोशिश में हैं। इस बीच यूपी पुलिस ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को हिरासत में ले लिया है, जबकि कांग्रेस ने दावा किया है कि उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

प्रियंका गांधी को पुलिस लाइन ले जाया गया

प्रियंका गांधी कल रात लखनऊ से लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हुईं थी। प्रियंका गांधी वाड्रा का काफिला पुलिस को चकमा देकर लखीमपुर खीरी के लिए निकला था। बाद में पुलिस ने प्रियंका को सीतापुर के हरगांव से हिरासत में ले लिया और उन्हें पुलिस लाइन ले जाया गया है। इसके साथ ही कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा को भी हिरासत में लिया गया है।

कांग्रेस का दावा- प्रियंका गांधी गिरफ्तार

इस बीच यूपी कांग्रेस ने दावा किया, ‘प्रियंका गांधी जी को हरगांव से गिरफ्तार करके सीतापुर पुलिस लाइन ले जाया जा रहा हूं, कृपया सभी लोग पहुंचे।’ वहीं यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास ने ट्वीट कर कहा, ‘आखिरकार वही हुआ, जिसकी बीजेपी से उम्मीद थी। ‘महात्मा गांधी’ के लोकतांत्रिक देश में ‘गोडसे’ के उपासकों ने भारी बारिश और पुलिसबल से संघर्ष करते हुए अन्नदाताओं से मिलने जा रही हमारी नेता प्रियंका गांधी को हरगांव से गिरफ्तार किया। यह लड़ाई का सिर्फ आरंभ है!! किसान एकता जिंदाबाद।’