करसोग में कल होगा युवा कांग्रेस का सम्मेलन, विक्रमादित्य सिंह करेंगे शिरकत

उज्जवल हिमाचल। करसोग

विधानसभा चुनावों का समय जैसे जैसे निकट आ रहा है, वैसे-वैसे करसोग में सियासी सरगर्मियां बढ़ती जा रही हैं। जिसमें राजनीतिक दृष्टि से सितंबर का पहला और दूसरा सप्ताह विधानसभा क्षेत्र के लिए खास रहने वाला है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का इस माह के दूसरे सप्ताह में करसोग दौरा प्रस्तावित है, जिसमें मुख्यमंत्री करोड़ों के उद्घाटन करेंगे, लेकिन इससे पहले विपक्षी दल कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह का करसोग दौरा कल यानी शनिवार को रहेगा।

हालांकि, विक्रमादित्य सिंह का शनिवार को सेरी बंगलो में भनजू मेला के समापन समारोह में पहुंचने का कार्यक्रम तय है, लेकिन इससे पूर्व विक्रमादित्य सिंह भंथल में आयोजित होने वाले युवा कांग्रेस सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।

जिसमें शिमला ग्रामीण के विधायक भाजपा सरकार से भाजपा कार्यकाल में प्रदेश में हुए विकास कार्यों को लेकर निशाना साध सकते हैं। इसके अतिरिक्त कांग्रेस की ओर से जनता को हाल ही में दी गई 10 गारंटियों पर भी चर्चा हो सकती है।

विक्रमादित्य सिंह का शनिवार को 11 बजे युवा कांग्रेस के सम्मेलन में भाग लेने के लिए कार्यक्रम तय है। इसके बाद भनजू मेला के समापन समारोह के अवसर पर उनका 1 बजे सेरो बंगलों पहुंचने का प्रोग्राम है। इसके पूर्व विक्रमादित्य सिंह अपने निजी वाहन से हॉली लॉज से सुबह 8 बजे चलेंगे। इस दौरान करसोग के प्रवेश द्वार विश्व प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल तत्तापानी में पार्टी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।

जिसके लिए पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने अपनी तैयारी पूर्ण कर ली है, जिसके बाद विक्रमादित्य सिंह सीधे करसोग निकलेंगे। करसोग यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष रमेश कुमार का कहना है कि यूथ कांग्रेस का सम्मेलन भंथल में रखा गया है, जिसमें बूथ स्तर के कार्यकर्ता भाग लेंगे।

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करें।