प्रदेश में बारिश व बर्फ़बारी का दौर जारी

तापमान में कमी से शीतलहर की चपेट में हिमाचल, आज भी अलर्ट जारी

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। शिमला

हिमाचल में मौसम के करवट बदलते ही पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। बीते 24 घंटे से प्रदेश के निचले क्षेत्रों में झमाझम बादल बरस रहे है। पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश होने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। रविवार रात को स्पिति वैली, रोहतांग सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। बारालाचा, कुंजुम पास, मनाली, लाहौल-स्पीति, धौलाधार और चंबा की ऊंची चोटियों के अलावा मणिमहेश में ताजा हिमपात हुआ है।

खराब मौसम के चलते  रोहतांग दर्रे में पर्यटकों के जाने पर प्रशासन ने अगले आदेशों तक रोक लगा दी है। वहीं, सोमवार सुबह से ही शिमला में हल्की बारिश का दौर शुरू हो गया है। जिससे तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट आई है। विभाग की ओर से कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के 5 जिलों में आगामी 24 घंटों के बीच बाढ़ आने की संभावना जताई है।

विभाग ने कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, किन्नौर और शिमला में बाढ़ की चेतावनी जारी की है। इसको लेकर विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार का कहना है कि बीते 24 घंटे से प्रदेश के निचले भागाें में बारिश और ऊपरी क्षेत्रों में बारिश हो रही है और आज भी बारिश बर्फ़बारी का दौर जारी रहेगा। बारिश बर्फ़बारी के चलते तापमान में गिरावट आई है, जिससे ठंड में भी इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि मंगलवार से मौसम साफ हो जाएगा।