राजेंद्र गुप्ता ने की 131वीं बार माता वैष्णो देवी की यात्रा

मनीष काेहली। शाहपुर

भटिंडा निवासी राजेंद्र गुप्ता देश के विभिन्न धार्मिक स्थानों की यात्रा साइकिल पर पिछले 32 वर्षाें से कर रहे हैं। 131वीं बार माता वैष्णो देवी की धार्मिक यात्रा करने के बाद शनिवार को शाहपुर पहुंचे राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि उन्होंने अब तक साइकिल पर रिकॉर्ड दर्ज कराते हुए पांच लाख 80 हजार किलोमीटर की यात्रा की है। इन यात्राओं के दौरान अब तक 68 साईकलों का प्रयोग किया है। उन्होंने बताया कि उन पर बाबा अमरनाथ व माता वैष्णो देवी की अपार कृपा है, जिसके कारण स्वस्थ और फिट रहते हैं।

16 बार अमरनाथ की यात्रा कर चुके राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि अब वह हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा ज्वालाजी चिंतपूर्णी नैना देवी चामुंडा देवी की यात्राओं के बाद वापसी पर भटिंडा पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि इससे पहले उन्होंने गुजरात में द्वारकानाथ, माउंट आबू, पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर राज्यस्तान में मीराबाई मंदिर व करणी माता मंदिर, गंगोत्री, अमरनाथ, काेलकाता कालीमाता मंदिर व कामख्या माता मंदिर सहित अन्य सैकड़ों मंदिर की भी यात्रा साइकिल पर की है। यात्रा के दौरान वह आपसी भाई चारे शांति व सांप्रदायिक सौहार्द को बनाये रखने का संदेश देते है।