रक्षा मंत्री ने हिमाचल में तीन पुलों का किया online उद्घाटन

उज्जवल हिमाचल। कुल्लू

एलएसी पर चीन से तनाव के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह देश की सरहदों से सटे सात अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 43 पुलों का ऑनलाइन उद्घाटन किया। इनमें तीन पुल हिमाचल प्रदेश में बनाए गए हैं। ये सभी स्थायी ब्रिज बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन ने बनाकर तैयार किए हैं। हिमाचल के इन तीन पुलों का रणनीतिक महत्व हैं। इन पुलों के निर्माण से सुरक्षा बलों और हथियारों के शीघ्रता से पहुंचाने में मदद मिलेगी।

  • सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पुलों का बीआरओ ने किया है निर्माण

इससे पहले 24 सितंबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का हिमाचल के तीन पुलों दारचा व पलचान पुल का वर्चुअल लोकार्पण करना था। लेकिन केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी के निधन के चलते कार्यक्रम रद हो गया था। मनाली-लेह मार्ग के दारचा में भागा नदी पर, अटल टनल के नार्थ पोर्टल में चंद्रा नदी पर और मनाली के पलचान में ब्यास नदी पर भव्य पुल बनकर तैयार हुए हैं। इस सभी पुलों का निर्माण देश की नामी कंपनी गर्ग एंड गर्ग ने सीमा सडक़ संगठन के मार्गदर्शन में किया है।

गर्ग एंड गर्ग कंपनी के मैनेजर प्यारे लाल शर्मा ने बताया चंद्रा नदी पर पुल बनाने में उन्हें खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा। सीमा सडक़ संगठन दीपक परियोजना के चीफ इंजीनियर एमएस बाघी ने बताया इन पुलों के निर्माण से सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली लेह मार्ग का सफर और अधिक सुगम हो गया है।