श्रीनगर से हिमाचल पहुंची नशे की बड़ी खेप, दो गिरफ्तार

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। कुल्लू

 

पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बजौरा में दो लोगों से 209.706 किलोग्राम भुक्की बरामद की है। बताया जा रहा है कि यह मनाली और पतलीकूहल नाके से भी भागे थे। इसके बाद भुंतर पुलिस ने बजौरा के पास ट्रक को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि सुबह एक ट्रक नंबर पीबी 06 डी 6166 मनाली की ओर से आ रहा था। बजौरा के पास भुंतर पुलिस ने कड़ा पहरा लगाया हुआ था। ट्रक को रोकने पर इसमें सवार दो लोगों से 209.706 किलोग्राम भुक्की बरामद की है।

दोनों की पहचान 24 वर्षीय सुखदीप सिंह निवासी पुरोवाल गुरदासपुर और 20 वर्षीय दीप शराम निवासी गुरदासपुर पंजाब के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि भुक्की को वह श्रीनगर से लेकर आए थे। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन करनी आरंभ कर दी है। जल्द ही दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।