मंडी : कांस्टेबल पदों के लिए 22 नवंबर से 14 दिसंबर तक होगी भर्ती

उमेश भारद्वाज। मंडी

हिमाचल प्रदेश पुलिस में सिपाही बनने के लिए जिला मंडी के थर्ड आईआरबी पंडोह के मैदान में 22 नवंबर से 14 दिसंबर तक युवा खूब पसीना बहाने जा रहे हैं। वहीं पुलिस विभाग द्वारा इस बार एडमिट कार्ड ऑफलाइन न जारी कर मोबाईल फोन पर एसएमएस के माध्यम से भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा कोविड-19 को लेकर ऐतिहातन तौर पर दो शिफ्टों में भर्ती प्रक्रिया के साथ अभ्यार्थियों को विभाग द्वारा कोविड किट्स भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। कांस्टेबल भर्ती को लेकर आयोजित एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश पुलिस की सेंट्रल जोन मंडी के तहत जिला के लिए महिलाओं के 45, पुरूष वर्ग में 136 और चालकों के 13 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

22 नवंबर से 14 दिसंबर तक होगी भर्ती…

भर्ती प्रक्रिया का 22 नवंबर से 14 दिसंबर तक आयोजन किया जाएगा और सर्वप्रथम महिला अभ्यार्थियों की 22 से 27 नवंबर तक भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 को लेकर इस बार भर्ती के दौरान ऐतिहातन तौर पर अभ्यर्थियों को सुबह 7 और 10 बजे की दो शिफ्टों में बुलाया जाएगा। इसके लिए अभ्यार्थियों को अपने एडमिट कार्ड में बताए गए स्लॉटस अनुसार भर्ती में सम्मलित किया जाएगा।

भर्ती में पहले लड़कियां दिखाएंगी दमखम…

शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि इसके अलावा विभाग द्वारा अभ्यार्थियों को कांस्टेबल भर्ती के दौरान कोविड किट्स भी रजिस्ट्रेशन के बाद मुहैया करवाई जाएगी। इसमें सेनेटाइजर, मास्क, जूस,पानी की बोतल और फल मुहैया करवाए जाएंगें। उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम लड़कियों के 45 पदों के लिए 9 हजार आवेदनों के तहत हर दिन 900 से 1100 तक लड़कियों के फिजिकल फिटनेस टेस्ट होंगे। उन्होंने कहा कि एडमिट कार्ड एसएमएस के माध्यम से न मिलने पर एसपी कार्यालय मंडी से संपर्क साधा जा सकता है।

भर्ती  में लाखों युवक- युवतियां दिखा रहे अपना दम….

इस पुलिस भर्ती में प्रदेश के लाखों युवक और युवतियां अपना दम दिखा रहे हैं। हिमाचल में पुलिस में पुरुष कांस्टेबलों के 932, महिला कांस्टेबलों के 311 और पुरुष चालकों के 91 पदों के लिए भर्ती हो रही है। प्रदेश पुलिस को कांस्टेबलों और पुरुष चालकों की भर्ती के लिए कुल 1,87,476 आवेदन मिले हैं। सामान्य ड्यूटी पुरुष उम्मीदवारों के 1,35,333, सामान्य ड्यूटी महिला उम्मीदवारों के 52,143 और चालक पुरुष उम्मीदवारों के 4,894 पद मिले हैं। वहीं प्रदेश पुलिस के सेंट्रल जोन मंडी के तहत जिला के महिला एवं पुरूष वर्गों की भर्ती के लिए 22 नवंबर से 14 दिसंबर तक आयोजन किया जाएगा।