रोवर्स और रेंजर्स मानवीय सेवा में तत्पर

नीरज शर्मा। नगरोटा बगवां

वैश्विक महामारी कोविड-19 में जहां सभी सामाजिक कार्यों की गति रुक गई है। वहीं, स्काउटिंग कभी रुकती नहीं नारे के साथ, भारत स्काउट एंड गाइड हिमाचल प्रदेश के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां की रोवर्स एवं रेंजर्स इकाई के रोवर रेंजर ने इस समय में वैश्विक महामारी से लड़ने के लिए सबसे जरूरी हथियार मास्क बनाएं। रोवर लीडर डॉ. आशीष रंजन एवं रेंजर लीडर प्रो.आशा शर्मा के दिशा-निर्देशन में इकाई ने घर पर स्वयं मास्क बनाने का कार्य किया।

इस कार्य में इकाई के सभी विद्यार्थियों का सहयोग रहा। इकाई ने अपने आस-पड़ोस के ज़रूरतमंद व्यक्तियों में मास्क वितरित किए तथा साथ ही रोवर साहिल मित्तल तथा रोवर आर्यन ने प्राचार्य (ग्रुप लीडर) डॉ.अशोक चौधरी के माध्यम से उपमंडलाधिकारी नगरोटा बगवां को मास्क भेंट किए। इस समय प्रो.विनोद शर्मा, प्रो.सुनीता कटोच, रोवर, अभिनव जमवाल तथा रोवर साहिल उपस्थिति रहे।

प्राचार्य ने इकाई के इस सामाजिक कार्य की सराहना की साथ ही कहा कि महाविद्यालय के विद्यार्थी सामाजिक भलाई का कार्य कर रहे हैं, जो कि उनके मनोबल को उत्तरोत्तर करता है और विद्यार्थी सन्मार्ग की ओर अग्रसर होते हैं। उपमंडलाधिकारी नागरिक शशिपाल नेगी ने भी रोवर रेंजर के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।