सदर मंडी भाजपा का कांग्रेस नेताओं पर तंज, कहा-हारे और नकारे कर रहे जनादेश का अपमान

उज्जवल हिमाचल। मंडी

मंडी में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कार्यक्रम में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा स्थानीय भाजपा विधायक के खिलाफ नारे लगाने पर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेतृत्व और प्रत्याशी चंपा ठाकुर को आड़े हाथों लिया है। मीडिया को जारी संयुक्त बयान में भारतीय जनता पार्टी जिला उपाध्यक्ष पुष्पराज कात्यायन, पंकज शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष सोमेश उपाध्याय, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमन ठाकुर और उप महापौर विरेंद्र भट्ट ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह सब हुडदंग कांग्रेस पार्टी की सदर प्रत्याशी चंपा ठाकुर के कहने पर हुआ है।

इसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा सदर विधानसभा की जनता द्वारा चुने हुए विधायक हैं और उनका अपमान सदर की जनता का अपमान है। उन्होंने कहा मंडी के कांग्रेसी नेता केवल अपने विज्ञापनों वाले होर्डिंग पर अपना चेहरा चिपकाने में ही व्यस्त हैं और मंडी की जनता को वे लगभग भूल चुके हैं। आज चार महिने से अधिक पुरानी सरकार से एक भी विकास कार्य करवाने में असफल रहे हैं। इलेक्ट्रिकल सर्कल और बंदोबस्त कार्यालय बंद होने का मसला एक भी कांग्रेसी नेता मुख्यमंत्री के समक्ष नहीं रख सका जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

यह भी पढ़ेंः हिमाचल से ज्यादा से ज्यादा फुटबॉलर आएं आगे इसके लिए उठाए जाएंगे कदम

बयान में कहा गया कि कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता शायद यह भूल गए हैं कि मुख्यमंत्री किसी एक दल का नहीं लेकिन पूरे प्रदेश का होता है। कांग्रेस नेता मुख्यमंत्री पद पर बैठे व्यक्ति को अपनी जागीर समझते हैं जो इनकी निम्न स्तरीय सोच को प्रदर्शित करता है। बयान में कहा गया कि कांग्रेस पार्टी इन दोयम दर्जे की हरकतों को छोड़ मंडी में रुके पड़े कार्यों को गति देने में सहयोग करे, जिससे शिवधाम, एयरपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण योजनाएं पूरी हो सके।

संवाददाताः उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।