इंडिया का मैसेजिंग ऐप संदेश करेगा व्हाट्सएप्प की छुट्टी

उज्जवल हिमाचल डेस्क…

भारत में इंस्टैंट मैसेजिंग ऐप व्हाट्सएप्प काफी लोकप्रिय है और यूजर्स को बेहतर चैटिंग एक्सपीरियंस प्रदान करने के लिए इसमें आए दिन नए फीचर्स शामिल किए जाते हैं। लेकिन अब व्हाट्सएप्प को टक्कर देने के लिए मेड इन ऐप ‘संदेश’ लाॅन्च किया गया है। जो कि बनकर पूरी तैयार है और फिलहाल अपने टेस्टिंग फेज में है। इस ऐप को भारत सरकार द्वारा लाॅन्च किया गया है और फिलहाल ये सरकारी अधिकारियों द्वारा ही इस्तेमाल किया जा रहा है। टेस्टिंग पूरी होने के बाद इस ऐप को सभी के लिए रोलआउट किया जाएगा।

संदेश ऐप की बात करें तो इस ऐप के बारे में जानने के लिए आपको WWW.GIMS.gov.in वेबसाइट पर जाना होगा। जहां आपको इससे जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलेंगी। साथ ही आप यह भी जान सकेंगे कि इसे ऐप में कैसे साइन इन करना है।

सरकारी ऐप संदेश के डिजाइन और लोगो की बात करें तो इस ऐप में अशोक चक्र का लोगो दिया गया है। इसमें तिरंगा के रंग की तीन लेयर मौजूद हैं। इस ऐप को डिजिटल इंडिया इनिशिएटिव के तौर पर लाॅन्च किया गया है। यह एंड्राइड और आईओएस दोनों प्लेटफाॅर्म के लिए उपलब्ध होगा।

संदेश ऐप के फीचर्स की बात करें तो इस ऐप में यूजर्स को चैटिंग के अलावा वाॅयस काॅलिंग फीचर भी मिलेगा। यानि व्हाट्सएप्प की तरह ही इसमें भी वाॅयस काॅलिंग का लाभ उठाया जा सकता है। इस ऐप को भारत का नेशनल इनफाॅर्मेटिक्स सेंसर कंट्रोल करेगा। इस ऐप में यूजर्स तीन तरीके से साइन इन कर सकते हैं। इसमें साइन इन संदेश एलडीएपी, साइन इन संदेश ओटीपी और संदेश वेब शामिल हैं। इनमें से किसी भी विकल्प का चयन करने के बाद आपको एक ओटीपी मिलेगा। फिलहाल साइन इन करने की सुविधा केवल सरकारी अधिकारियों को ही है क्योंकि यह अभी टेस्टिंग फेज में है और जल्द ही इसे यूजर्स के लिए रोलआउट किया जाएगा।