सेवा समिति ने असहाय लोगों को बांटी हजाराें की सहायता राशि

एस के शर्मा। हमीरपुर

नारायण सेवा समिति बिझड़ी द्वारा अपने प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर गरीब, असहाय व बीमार लोगों की मदद का बीड़ा उठाया गया। नागेश्वर शिव मंदिर बिझड़ी के सामुदायिक हाल में संस्था के पदाधिकारि व सदस्य एकत्रित हुए तथा उपमंडल बड़सर के विभिन्न क्षेत्राें से गरीब लोगों की मदद करते हुए संस्था द्वारा उन्हें नगद सहायता राशि प्रदान की गई। इस दौरान 9 लोगों के बीच संस्था द्वारा 37 हजार रूपए की राहत राशि वितरित की गई है। मदद की आस लिए वहां पहुंचे कई लोग संस्था का शुक्रगुजार करते नजर आए।

बल्ह बिहाल पंचायत से पहुंची एक वृद्धा नें अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि वो अकेली रहती है तथा आमदनी का कोई साधन नहीं है। मात्र 1500 रूपए बुढापा पेंशन से गुजारा चलाना मुश्किल है। बीपीएल से भी नाम कट चुका है। उन्होंने मदद के लिए संस्था का धन्यवाद किया। इसके अलावा एक गरीब बेटी को पढ़ाई के लिए, बीमार बच्ची के इलाज के लिए तथा अन्य कई लोगों को सहायता राशि उपलब्ध करवाई गई है।

प्रेस सचिव विक्रम ठाकुर नें बताया कि ये संस्था एक गैर राजनीतिक सामाजिक संस्था है। इसका उद्देश्य समाज के असहाय लोगों की मदद करना है तथा कोई भी व्यक्ति हमारे साथ जुड़कर पुण्य का भागी बन सकता है। कार्यक्रम में बतौर अध्यक्ष दीनानाथ वर्मा ने भाग लिया तथा उनके साथ कृष्ण चद, करतार सिंह ढिल्लों महासचिव, जगदीश चंद कोषाध्यक्ष, रूप सिंह सलाहकार, विक्रम सिंह ठाकुर प्रेस सचिव, सुरेश सचिव तथा विनोद, परसोत्तम, अनूप व महेंद्र सिंह व ईश्वर सिंह आदि मौजूद रहे।