पीएम द्वारा यूपीए सरकार पर लगाए आरोप पूरी तरह निराधार : राठौर

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। शिमला

कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस कथन का, जिसमें उन्होंने कहा है कि अगर केंद्र में दूसरी सरकार होती तो रोहतांग सुरंग का निर्माण कार्य आगे 20 साल बाद ही शायद पूरा हो पाता पर तीब्र प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री इस बारे देश को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि इस प्रकार का झूठ बोल कर प्रधानमंत्री अपने पद की गरिमा को ठेस पंहुचा रहे हैं। राठौर ने प्रधानमंत्री को स्मरण दिलाते हुए कहा है कि 28 जून, 2010 को जब यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस सुंरग की मनाली के धुंधी में इसकी आधारशिला रखी थी, तो यहा पूरा पहाड़ था।

उन्होंने कहा कि सुरंग के प्रारूप को अंतिम रूप देने से पहले सुरंग के उत्तरी छोर धुंधी तक सड़क निर्माण की जटिल समस्याओं को दूर करना भी एक गंभीर चुनौती थी, जिसे तय समय मे दूर किया गया। राठौर ने बताया कि सितंबर, 2014 में इस सुरंग का 4.4 किलोमीटर की खुदाई का काम पूरा कर लिया गया था। उन्होंने बताया कि उस समय के सीमा सड़क ऑर्गनाइजेशन के प्रवक्ता कर्नल एसडी गोस्वामी ने 22 सितंबर, 2014 को बाकायदा मीडिया में इसके निर्माण प्रगति की पूरी जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के समय इसका निर्माण कार्य पूरी प्रगति के साथ तय सीमा में किया गया।

राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सोलंग नाला की सभा में इस सुरंग निर्माण बारे जो आरोप यूपीए सरकार पर लगाए हैं वह पूरी तरह निराधार व असत्य है। उन्होंने कहा कि इस सुरंग निर्माण में 80 से ज्यादा श्रमिक दुर्घटना में अकाल मौत का शिकार हुए,उन्हें प्रधानमंत्री ने याद तक नही किया।उन्होंने कहा कि इस सुरंग के निर्माण का श्रेय लेने की होड़ में प्रधानमंत्री का देश को गुमराह करना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।

देश के किसानों व श्रमिकों के साथ खड़ी है कांग्रेस
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि कांग्रेस देश के किसानों व श्रमिकों के साथ अन्याय के खिलाफ खड़ी है।उन्होंने कहा है कि इनका शोषण सहन नही होगा। केंद्र द्वारा पारित नए कृषि व श्रमिक कानून के खिलाफ कांग्रेस निर्णायक लड़ाई लड़ेगी और इनके हितों से खिलवाड़ नही होने देगी। कुलदीप राठौर ने आज यहां कहा कि केंद्र की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस देश के लोगों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कल 5 अक्तूबर से प्रदेशव्यापी अन्नदाता किसान संवाद का आयोजन करने जा रही है। इसके तहत नए कृषि व श्रमिक कानूनों के दुष्प्रभाव बारे उनके विचारों को पार्टी मंच से प्रमुखता से उठाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 5 अक्तूबर को शिमला संसदीय क्षेत्र के पावटा साहिब में, 6 को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के बिलासपुर के कंदरौर में, 7 को कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के शाहपुर में किसान जन चेतना यात्रायों का आयोजन होगा, जबकि 10 अक्तूबर को मंडी के विपाशा सदन में राज्यस्तरीय किसान सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। राठौर ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का आज पंजाब में कृषकों व श्रमिकों के भारी जनसमर्थन से साफ है कि देश को नए कृषि व श्रमिक कानून कतई स्वीकार्य नही है।

राठौर ने उत्तर प्रदेश में एक बेटी के साथ हुए दुष्कर्म के बाद हाथरस में कड़ी पुलिस पाबंदियों पर हैरानी जताते हुए कहा है कि वहां अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति बना दी गई है, जहां नागरिकों के अधिकारों को समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने हाथरस में राहुल गांधी व प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस के दुर्व्यवहार पर कड़ा रोष प्रकट करते हुए कहा है कि सरकार इस मामलें को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा है कि पीड़ित परिवार के साथ न्याय हो दोषियों को कड़ी सजा मिले कांग्रेस इसके लिए लड़ेगी।