हिमाचल में बर्फबारी का दौर जारी, 3 एनएच समेत 300 से ज़्यादा सड़कें बंद

उज्जवल हिमाचल। शिमला

हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और निचले व मैदानी भागों में बारिश का दौर बीते कल से जारी है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चंबा और शिमला जिलों में जमकर बर्फबारी हो रही है। शिमला शहर में सीजन का तीसरा हिमपात हुआ है। शिमला में शनिवार दोपहर के समय से शुरू हुई बर्फबारी रात भर जारी रही। जिससे राजधानी शिमला शहर में सड़क यातायात पूरी तरह से बाधित हो चुका है। ऊपरी शिमला भी कट चुका है। हिमाचल के ज्यादातर क्षेत्रों का राजधानी से संपर्क कट गया है।

वीकएंड पर शिमला पहुंचे सैलानी यहां के ऐतिहासिक रिज मैदान और माल रोड पर बर्फ की फुहार देखकर गदगद हो गए। जिससे सैलानियों के चहरे खिल गए। बीते आठ जनवरी को शिमला में पहला और 10 जनवरी को दूसरा हिमपात हुआ था। शिमला से सटे पर्यटन स्थलों कुफरी, मशोबरा और नारकंडा में भी बर्फबारी हो रही है। जिले के सेब बाहुल्य इलाकों जुब्बल और खड़ापत्थर में भी हिमपात हुआ हो रहा है। ताजा हिमपात से शिमला में पर्यटकों की आमद और बढ़ने के आसार हैं। बारिश-बर्फबारी की वजह से समूचा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। खासकर जनजातीय जिलों में तापमान में भारी गिरावट आने से लोगों को भीषण ठंड का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में फिलहाल बर्फबारी से राहत मिलने वाली नहीं है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घण्टों के दौरान राज्य के मैदानी हिस्सों में भारी वर्षा का येलो अलर्ट और पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के मध्य पर्वतीय इलाकों में 23, 24 व 25 जनवरी तक अधिकांश स्थानों पर बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। ताजा बर्फबारी से पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। अधिकांश इलाकों में यातायात और बिजली सप्लाई ठप हो गई है। हिमाचल के मनाली, रोहतांग, चम्बा भरमौर, किन्नौर, कुफरी, नारकण्डा खड़ापत्थर में भारी बर्फबारी हो रही है।