प्रदेश भाजपा के उपाध्‍यक्ष कृपाल परमार ने दिया इस्‍तीफा, सियासी गलियारों में खासी चर्चा

हिमाचल प्रदेश उपचुनाव के बाद भाजपा को एक और झटका लगा है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाल परमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप को उन्होंने त्यागपत्र भेज दिया है। उन्होंने कहा वह भाजपा कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के लिए कार्य करते रहेंगे।

उन्होंने कहा वह पार्टी के सच्चे कार्यकर्ता हैं। पिछले चार सालों से पार्टी में उनकी लगातार अनदेखी हो रही है। अब वह और जलालत नहीं सह सकते। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से ठीक पहले परमार के त्‍याग पत्र से राजनीतिक गलियारों में खासी चर्चा है।

उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म में भी इसकी पुष्टि की है। कृपाल ने लिखा है कि ”मैं भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप को अपना इस्तीफा भेज रहा हूं। कृप्या इसे स्वीकार करें। इसके कारण क्या रहे वे अलग पत्र में इसका विवरण भेजेंगे”…

बता दें कि फतेहपुर से कृपाल परमार उपचुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें यहां से टिकट नहीं दिया था। सीएम जयराम ठाकुर के मनाने पर कृपाल परमार चुनाव ना लड़ने के लिए मान तो गए थे। लेकिन पार्टी से नाराज चल रहे थे।

कृपाल परमार इससे पहले राज्यसभा के सांसद रह चुके हैं और कांगड़ा के कद्दावर नेताओं की सूची में शुमार रहते हैं। पूर्व मुख्‍यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के काफी नजदीकी माने जाते थे और राज्य परिवहन निगम के उपाध्यक्ष के पद पर भी राज्य में सेवाएं दे चुके हैं।