प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता के लिए प्रतिबद्धः सीएम

उज्जवल हिमाचल। शिमला

हमारे समाज में महिलाओं की लगभग 50 प्रतिशत भागीदारी है और एक सशक्त और जीवंत समाज के निर्माण में महिलाएं महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यह बात मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में हिमाचल प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह मनस्वी को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भाजपा महिला मोर्चा ने इस संक्रमण के प्रसार को रोकने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई और 53 लाख मास्क तैयार कर निःशुल्क लोगों को वितरित किए गए।

जय राम ठाकुर ने कहा कि पंचायती राजमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया था। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं और यह सभी के लिए प्रसन्नता का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में अनेक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 के बजट में महिला कल्याण और सशक्तिकरण के लिए समर्पित सभी योजनाओं का विवरण प्रदान करती हुई एक अलग जेंडर बजट स्टेटमेंट प्रस्तुत की गई। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में चलाई जा रही योजनाओं की निगरानी में यह मील पत्थर साबित होगी।

जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों को बिना किसी आय सीमा के सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना का उद्देश्य महिलाओं को निःशुल्क गैस कनैक्शन उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अन्तर्गत 3.25 लाख से अधिक निःशुल्क गैस कनैक्शन प्रदान किए गए हैं और हिमाचल देश का चूल्हा धुंआ मुक्त राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि शगुन योजना के अन्तर्गत बीपीएल परिवारों की बेटियों के विवाह के समय 31000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के माध्यम से महिला उद्यमियों को उनके सपने साकार करने में सहायता मिल रही है। योजना के अन्तर्गत महिला उद्यमियों को अब 35 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाएगा।