बिजली बोर्ड में भरे जाएंगे 1900 पद, एक हफ्ते में शुरू होगी भर्ती

ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी बोले, बदले जाएंगे लकड़ी के खंभे

उज्जवल हिमाचल। पालमपुर

बिजली बोर्ड में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 1900 टीमेट और जूनियर टीमेट की भर्ती एक सप्ताह के भीतर कर दी जाएगी। यह जानकारी ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने दी। उन्होंने कहा कि इनमें से 242 पद पूर्व सैनिकों से भरे जाएंगे। इसके अलावा विद्युत बोर्ड में 222 पद जूनियर इंजीनियर के भी भरे जाएंगे। सुखराम चौधरी ने कहा कि प्रदेश में लकड़ी के खंभों को बदलने का कार्य जारी है। छह माह के बाद प्रदेश के किसी भी इलाके में लकड़ी के पोल नजर नहीं आएंगे। अब तक प्रदेश में लाखों लकड़ी के खंभों को बदला जा चुका है।

मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में जब भी भाजपा की सरकार बनी है तो विकास किया गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल को विकास के मामले में देशभर में अग्रणी पंक्ति तक पहुंचाया दिया है। बकौल सुखराम, सीएम ने मंडी, पालमपुर व सोलन को नगर निगम की सौगात दी है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पंचायतीराज चुनाव में जनता ने भाजपा की नीतियों पर मुहर लगाई है। दावा किया कि नगर निगम चुनाव में भी भाजपा की जीत सुनिश्चित है। भारतीय जनता पार्टी नगर निगम चुनाव को सेमीफाइनल मानकर 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए आश्वस्त हो गई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा का फाइनल भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में जीतकर प्रदेश में भाजपा नया इतिहास बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निर्माण से अटकी पन विद्युत परियोजनाओं को प्रचेज एक्ट में संशोधन के बाद एकमुश्त छूट देकर चलाने का प्रावधान किया गया है।