तकीपुर कॉलेज-जलशक्ति ऑफिस भाजपा की देन, काजल न करें जनता को गुमराह

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

तकीपुर में अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय डिग्री कॉलेज भाजपा की देन है। इस कॉलेज में भाजपा सरकार ही साइंस कक्षाएं शुरू करवाएगी। यह बात कांगड़ा के भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कही। सोमवार को यहां जारी बयान में जिला परिषद चेयरमैन रमेश बराड़, भाजपा नेता मुनीष शर्मा, पूर्व विधायक संजय चौधरी, पूर्व विधायक चौधरी सुरेंद्र काकू, भाजपा उपाध्यक्ष नीतू दमीर, प्रदेश सचिव वीरेंद्र चौधरी, जिला परिषद सदस्य कुलभाष चौधरी, मंडल अध्यक्ष सत प्रकाश सोनी, चौधरी देवी लाल, उत्तम चौधरी, महिला मोर्चा अध्यक्ष रेखा चौधरी, पवना, आदि नेताओं ने कहा कि रानीताल में जलशक्ति विभाग का उपमंडल कार्यालय भी भाजपा सरकार की देन है।

  • भाजपा ने डाला घेरा, एक साथ बरस पड़े सारे नेता
  • कांगड़ा में फिर गरमाई सियासत

प्रदेश सरकार अति शीघ्र इसे शुरू करेगी। भाजपा नेताओं ने कुछ समय पहले सदर विधायक पवन काजल द्वारा दिए बयान पर जोरदार कटाक्ष करते हुए कहा कि वह भाजपा की योजनाओं को कांग्रेस का बता रहे हैें। मौजूदा विधायक विकास करवाने में असफल रहे हैं। वह भाजपा सरकार की नीतियों को अपना बताकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। कांगड़ा में बात चाहे बिजली, पानी की हो या फिर सड़कें व शिक्षा की यह सब भाजपा सरकार की देन है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि मौजूदा प्रदेश और केंद्र सरकारें शानदार काम कर रही हैं। केंद्र में मोदी सरकार लगातार देशहित में फैसले ले रहे हैं। वहीं, हिमाचल में कोरोना काल में जयराम सरकार ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वैक्सीनेशन में हिमाचल पूरे देश में अव्वल है। यह सब जयराम सरकार की नीतियों और दूरगामी सोच से संभव हो पाया है।

भाजपा जीतेगी उपचुनाव
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में चार उपचुनाव होने जा रहे हैं। इसमें मंडी संसदीय क्षेत्र में भाजपा जोरदार जीत हासिल करने जा रही है। इसी तरह फतेहपुर, जुब्बल और अर्की में होने वाले विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ेगी।