तहसीलदार ने किया नादौन कॉलेज का औपचारिक निरीक्षण

एमसी शर्मा। नादौन

खंड नादौन में एसडीएम विजय कुमार की अगवाई में तहसीलदार मनोहर लाल शर्मा व अन्य उच्चाधिकारी लगातार विद्यालयों का औपचारिक निरीक्षण कर रहे हैं और विद्यालयों में अपनाए जा रहे कोरोना महामारी से निपटने के सुरक्षा उपायों की जांच कर रहे हैं। शनिवार को मनोहर लाल शर्मा ने राजकीय महाविद्यालय नादौन में अचानक पहुंचकर महाविद्यालय द्वारा अपनाए जा रहे सुरक्षा उपायों की जांच हेतु औपचारिक निरीक्षण किया।

उन्होंने संपूर्ण संस्थान में घूम कर कक्षाओं के संचालन, सामाजिक दूरी, सैनेटाइजेशन, मास्क आदि व्यवस्थाओं की जांच करके प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों की सुरक्षा हेतु अपनाए गए सुरक्षा उपायों की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने छात्र छात्राओं को कोविड-19 से बचने हेतु जरूरी सुझावों से अवगत करवाया और नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित व प्रोत्साहित भी किया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉक्टर सतिंदर शर्मा ने कहा कि शिक्षा मनुष्य जीवन का अभिन्न अंग है, जिसके बिना मनुष्य अधूरा है, कोविड-19 महामारी के चलते विद्यालयों के पुनः खोलने पर सुरक्षा के उपायों को विभाग के आदेशानुसार पूरा किया जा रहा है। बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें अच्छी शिक्षा प्रदान करना हमारा कर्तव्य है।

मनोहर लाल शर्मा ने कहा कि विभाग के आदेशानुसार खंड नादौन के सभी विद्यालयों का एस ओ पी के निर्देशानुसार औपचारिक निरीक्षण किया जा रहा है। सभी शिक्षण संस्थान सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए छात्र-छात्राओं को शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु समय-समय पर सभी विद्यालयों का निरीक्षण किया जाएगा।