गांव में पागल कूत्ते का आतंक, पांच काे किया घायल

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। ऊना

मुख्यालय के नजदीकी गांव डंगोली में पागल कुत्ते के आतंक से लोग अभी तक लोग खौफजदा है। पालतू पागल कुत्ते ने गांव के पांच लोगों को काट लिया है, तो तीन पशुओं को भी दांत गड़ाए हैं। काटे गए लोगों में एक आठ बर्षीय बच्चा, दो महिलाएं तथा दो पुरुष शामिल हैं। सभी ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार लिया है। फिलहाल सभी ठीक हैं। हालांकि बाद में लोगों ने कुत्ते को मार दिया है, लेकिन गांव में एक और आवारा कुत्ता भी पागल है।

जिससे लोगों को खतरा बरकरार है। पागल कुत्ते के संबंध ग्रामीणों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई अमल में लाई नहीं गई है। स्थानीय लोगों सहित कुत्ते का निशाना बने प्रकाश चंद, वासुदेव, राजेश्वर व मनीष कुमार आदि ने बताया कि वीरवार देर रात गांव में एक पालतू कुत्ता पागल हो गया। जिसने गांव के करीब पांच लोगों को काट लिया। काटे गए पीड़ितों में आठ वर्षीय बच्चा भी शामिल है।

देखते ही देखते कुत्ते ने ग्रामीणों को निशाना बनाने के बाद तीन मबेशी भी काट लिए। जिसके बाद कुछ लोगों ने कुत्ते को मार भी गिराया। इसके बाद लोगों की जान में जान आई। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में एक और आवारा कुत्ता भी पागल है, जिसे पकड़ने के लिए प्रशासन भी सहयोग करें। फिलहाल कुत्ते द्वारा काटे गए लोगों ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंच इलाज लिया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमन कुमार शर्मा ने बताया कि कुत्ते का काटने पर कई लोग झाड़ फूंक आदि अपने घरेलू टोटकों में पड़ जाते हैं। यह जानलेवा है। कुत्ते के काटने के तत्काल बाद अस्पताल पहुंचे और रेबीज का इंजैक्शन चिकित्सीय परामर्श के अनुसार लगवाएं।