आजकल देवी-देवताओं के प्रति आस्था और श्रद्धा का भाव होता जा रहा कम: CM

उमेश भारद्वाज। मंडी
आजकल के युग में देवी-देवताओं के प्रति आस्था और श्रद्धा का भाव कम होता जा रहा है। इसलिए यह सभी लोगों का दायित्व है कि इस श्रद्धा भाव को और अधिक मजबूत करने के लिए प्रयत्न करना चाहिए। यह बात मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने कुल देवता और सराज क्षेत्र के बड़ा देव श्री विष्णु मतलोड़ा के नवनिर्मित देव रथ की प्रतिष्ठा के कार्यक्रम उत्सव के दौरान कही।
बता दें कि सीएम जयराम ठाकुर ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज के शिकावरी दौरे के दौरान अपनी धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर के साथ देव श्री विष्णु मतलोड़ा के दर शीश नवाया गया। जयराम ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र की संस्कृति,संस्कार और देवी-देवताओं के प्रति आस्था को आने वाली पीढ़ी के लिए संजोए रखने के लिए कार्य करना चाहिए। देव विष्णु मतलोड़ा का मंदिर एक एतिहासिक स्थान बनता जा रहा है। मंदिर के निर्माण के बाद कई बाधाएं आने के बावजूद लोगों के सहयोग से आज मंदिर और देवता का भव्य स्वरूप बना है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 1993 के बाद माता शिकारी,माता बगलामुखी और देव विष्णु मतलोड़ा का आशीर्वाद प्राप्त कर ही वे चुनावों के लिए आगे बढ़े हैं। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष, विधायक और मंत्री रहने के साथ 25 वर्ष से क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करना देवी-देवता के आशीर्वाद से ही संपन्न हो पाया है। उन्होंने कहा कि सराज विधानसभा क्षेत्र का इतने लंबे समय तक नेतृत्व करने का सौभाग्य अभी तक किसी अन्य व्यक्ति को लोगों द्वारा नहीं दिया गया है।
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश का नेतृत्व करने से पूर्व देवता के दर पर आना-जाना लगा रहता था। लेकिन जिम्मेवारी बढ़ने से आना सरल नहीं हो पाता है। उन्होंने कहा कि अभी भी देवता ने यहां आने-जाने को लेकर हुक्म दिया गया है। इसके बावजूद आने का मन होने के बाद देवता के पास आना संभव नहीं हो पाता है। जयराम ठाकुर ने कहा कि देव श्री विष्णु मतलोड़ा का आशीर्वाद उन पर हमेशा बने रहने की प्रार्थना करते हैं।
शिकावरी क्षेत्र के स्थानीय लोगों की क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर पीएचसी की मांग पूरी करते हुए सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि शिकावरी  में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग को पूरा किया जाता है। उन्होंने कहा कि पीएचसी के निर्माण के लिए पंचायत स्तर पर जमीन उपलब्ध करवाने के बाद इसे स्थापित किया जाएगा।
वहीं सीएम जयराम ठाकुर द्वारा देव श्री विष्णु मतलोड़ा के दर पर शीश नवाने और क्षेत्र को पीएचसी की सौगात देने पर देव कमेटी के अध्यक्ष लाल सिंह ने कहा कि जयराम ठाकुर को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने का श्रेय देव श्री मतलोड़ा को जाता है। चुनाव से पूर्व जयराम ठाकुर ने देवता के मंदिर आकर आशीर्वाद प्राप्त किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का क्षेत्र को पीएचसी की सौगात देने पर आभार व्यक्त किया है।