वीकेंड पर पर्यटन नगरी मनाली में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। मनाली

कोरोना महामारी से हालाता सामान्य होते ही पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ा है। इससे पहले जून महीने में भीड़ उमड़ती थी लेकिन इस बार जुलाई में भीड़ उमड़ी है। सप्ताह के अंतिम दिनों शुक्रवार, शनिवार व रविवार को भारी भीड़ उमड़ रही है। शुक्रवार को अन्‍य राज्य से आने वाले पर्यटक वाहनों ने 2200 का आंकड़ा पार कर लिया है। मनाली के पर्यटन स्थल रोहतांग के साथ साथ अब बारलाचा व अटल टनल भी सैलानियों की पहली पसंद बनी हुई है। पिछले कुछ दिनों से चंद्रताल झील की ओर भी पर्यटकों ने रुख करना शुरू कर दिया है। पर्यटन कारोनारियों की माने तो बरसात शुरू होने से पहले पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। जबकि माल रोड मनाली में शाम के समय सैलाब उमड़ रहा है।

होटलों में भी पर्यटन कारोबार रफ्तार पकड़ने लगा है। इस बार रोहतांग दर्रे में होने वाला कारोबार अटल टनल बनने से बंट गया है। लाहुल घाटी भी अब पर्यटकों से गुलजार हुई है। सिस्‍सू व जिस्पा में पर्यटक टेंट में यादगार रातें बिता रहे हैं।


वॉल्वो बस सेवा शुरू होने से पर्यटन कारोबार में गति पकड़ी है। अधिकतर पर्यटक वॉल्वो में सफर करने को प्राथमिकता दे रहे हैं। पर्यटन विभाग की माने तो शुक्रवार को बाहरी राज्य से 2200 से अधिक पर्यटक वाहन मनाली आए। विभाग के अनुसार सप्ताह में शुक्रवार, शनिवार व रविवार को पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष अनूप ठाकुर ने कहा कि मनाली में पर्यटकों की आमद बढ़ने से पर्यटन कारोबार भी बढ़ने लगा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जुलाई महीने में कारोबार बेहतर रहेगा।