कांग्रेस संगठन की अढ़ाई वर्ष की मेहनत लाएगी रंग चारों सीटें जीतेंगे : दीपक शर्मा

बाेले, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा और भाजपा में मायूसी का आलम

आशीष राणा। धर्मशाला

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में पिछले दो वर्ष 9 महीनों में जिस तरह से कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ संघर्ष किया है और सड़कों पर आ कर सरकार की जनविरोधी नीतियों को बेनकाब किया है। यह उसका ही परिणाम है कि चारों उपचुनावों में कांग्रेस सत्तारूढ़ भाजपा से आगे दिखाई दे रही है। यह विचार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता दीपक शर्मा ने आज धर्मशाला में एक प्रैस वार्ता में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि आज अगर कांग्रेस की बढ़त दिखाई दे रही है, तो यह सब कार्यकर्ताओं की पिछले दो वर्ष 9 महीनों की मेहनत है, जिसके परिणाम सामने आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इन वर्षों में भाजपा को घेरने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष किया।

सरकार की नाकामियां और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ वातावरण का निर्माण किया। यह इसी संघर्ष का प्रतिफल है कि कांग्रेस चारों उपचुनावों में जीत दर्ज करने जा रही है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि आज कांग्रेस नेताओं की एकजुटता से भाजपा बैकफुट पर है। सभी वरिष्ठ नेता एकजुट होकर भाजपा को बेनकाब करने में डटे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने इन चुनावों में सक्रीय भूमिका निभाई है और अपने संसाधनों के बलबूते चारों सीटों पर मेहनत की है, यह काबिले तारीफ़ है।कार्यकर्ताओं की निष्ठा, जोश और सक्रियता से साफ नजर आता है कि कांग्रेस पार्टी विजय पथ पर अग्रसर हो चुकी है।

दीपक शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की एकजुटता से घबरा कर सत्तारूढ़ भाजपा अनैतिक और अवैध तरीके इस्तेमाल करके चुनाव जीतने की हरकतों ओर उतर आई है। कर्मचारियों को डराया-धमकाया जा रहा है। शराब एवम अन्य जानलेवा नशों को बांट कर वोट प्राप्त करने की कोशिशें हो रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि आगामी दो दिनों में भाजपा धनबल और माफिया के बल पर बड़ा षड्यंत्र रचा सकती है। राष्ट्रवाद, धर्म, जाति व क्षेत्रवाद आदि गैरज़रूरी विषयों को भड़का कर एवं सोशल मीडिया का दुरुपयोग करके जनमत को प्रभावित करने का घटिया खेल खेल सकती है।

उन्होंने कहा कि हालांकि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता मोर्चा संभाल हुए हैं और मतदान तक पूर्ण सजग है, लेकिन प्रशासनिक एवम चुनाव आयोग के सहारे भाजपा जीत प्राप्त करना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा के इन मनसूबों को पूरा नहीं होने देगा, जहां कहीं भी भाजपा अवैध चुनावी तरीके अपनाएगी, उसका जबरदस्त ढंग से विरोध किया जाएगा और जनता के बीच बेनकाब किया जाएगा।