एनएच-21 चंडीगढ़-मनाली पर दरकी पहाड़ी,चपेट में आए दो वाहन

उमेश भारद्वाज। मंडी

एनएच-21 चंडीगढ़-मनाली पर मंडी शहर से पांच किमी दूर नगर परिषद की डंपिंग साईट के पास आज शाम पहाड़ी से भारी मात्रा में पत्थर गिरे। पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में दो वाहन भी आए। लेकिन गनीमत यह रही कि कार में सवार लोगों को चोटें नहीं आई जबकि कारों को काफी नुकसान हुआ है। वहीं इस कारण नेशनल हाईवे करीब आधा घंटा बंद रहा।

मिली जानकारी के अनुसार आज शाम करीब साढ़े पांच बजे पहाड़ी से भारी मात्रा में पत्थरों का सैलाब हाईवे पर आ गया। वहां से गुजर रही दो कारें इसकी चपेट में आ गई। इसके बाद हाईवे पूरी तरह से बंद हो गया। प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया और आधे घंटे के अंदर हाईवे को पूरी तरह से बहाल कर दिया गया। लेकिन लोग डर के कारण यहां से नहीं गुजरे। बाद में पुलिस की मौजूदगी में वाहन गुजारे गए जिसके बाद हाईवे पूरी तरह से बहाल हो सका।

बता दें कि यहां फोरलेन निर्माण का कार्य चला हुआ है और इसके लिए यहां पहाड़ों को काटा जा रहा है। हालांकि आज काम पूरी तरह से बंद था लेकिन फिर भी पहाड़ी से भारी मात्रा में पत्थरों के आने से हाईवे बंद हो गया और बड़ा हादसा होने से टल गया। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने पुष्टि करते हुए बताया कि हाईवे को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है।