उप चुनाव में कांग्रेस खेल रही वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह पर दाव

उमेश भारद्वाज। मंडी

मंडी संसदीय क्षेत्र के उप चुनावों में कांग्रेस पार्टी एक बार फिर वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह पर दाव खेलकर विधानसभा चुनाव-2022 में प्रदेश में वापसी करने की उम्मीद लगा रही है। बता दें कि मंडी संसदीय क्षेत्र से स्व. वीरभद्र सिंह 6 और प्रतिभा सिंह 2 बार बतौर सांसद चुने जा चुके हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र से नामांकन भरने के उपरांत ऐतिहासिक सेरी मंच से कांग्रेस के दिग्गज नेताओं द्वारा प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ हुंकार भरी गई। जहां कांग्रेस द्वारा नामांकन के दौरान विशाल जनसभा आयोजित कर चुनावों में भाजपा को कड़ी टक्कर देने के संकेत दिए हैं। वहीं, कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता भी मंच से वीरभद्र सिंह कार्ड खेलते हुए नजर आए।

  • मंडी संसदीय सीट पर कब्जा कर चुनाव-2022 में वापसी करने की कांग्रेस लगा रही उम्मीद
  • मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच से कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने सीएम और भाजपा सरकार के खिलाफ भरी हुंकार
  • नामांकन के दौरान विशाल जनसभा आयोजित कर चुनावों में भाजपा को कड़ी टक्कर देने के दिए संके

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने मंच से आक्रामक अंदाज में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर ताबड़-तोड़ हमला बोला। इसके साथ ही वीरभद्र सिंह के बेटे और शिमला ग्रामीण विधायक विक्रमादित्य सिंह ने उनके द्वारा कर्मचारियों के लिए दिए गए बयान पर मंच से स्पष्टीकरण दिया। विक्रमादित्य सिंह ने मंच से जहां सीएम जयराम ठाकुर पर हमला बोला, तो वहीं वीरभद्र सिंह का मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए योगदान को बताया गया। इसके अलावा मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार प्रतिभा सिंह ने मंच से वीरभद्र सिंह को याद किया और लोकसभा चुनाव- 2014 में रामस्वरूप शर्मा के हाथों मिली शिकस्त को भी याद किया। प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संसदीय क्षेत्र से जीत को लेकर ओवर कॉन्फिडेंस नहीं रखने की भी हिदायत दी है।