13 नवंबर से बदलेगा मौसम, बारिश और बर्फबारी की चेतावनी

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। शिमला

हिमाचल प्रदेश में 13 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव आने की संभावना जताई गई है। प्रदेश के कई क्षेत्रों में 15 नवंबर को भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मैदानी और मध्य पर्वतीय जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। 17 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। बुधवार को शिमला में हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली। बुधवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में एक डिग्री की कमी दर्ज हुई। बुधवार को ऊना में अधिकतम तापमान 29.4, कांगड़ा 26.2, भुंतर 26.1, बिलासपुर-नाहन 26.0, हमीरपुर 25.8, सुंदरनगर 25.6, चंबा 24.8, धर्मशाला 19.8, शिमला 19.6, कल्पा 16.6, डलहौजी 12.9 और केलांग में 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, मंगलवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 0.7, मनाली 2.8, कल्पा 3.0, भुंतर 6.1, चंबा 6.8, शिमला 9.8 और धर्मशाला में 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अब सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक बढ़ गई है। मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों में लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और कमी आने की संभावना जताई है।