साेलन पहुंची पुमाेरी चाेटी काे फतह करने वाली महिला

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। साेलन

हिमाचल प्रदेश के सोलन की बेटी बलजीत कौर ने माउंट एवरेस्ट समूह की पुमोरी चोटी पर फतह हासिल की है। बलजीत और उनकी साथी पर्वतारोही राजस्थान की गुणबाला शर्मा 7161 मीटर ऊंची चोटी पुमोरी पर विजय हासिल करने वाली पहली भारतीय महिलाएं बन गई हैं। 12 मई की सुबह 8.40 पर पहले बलजीत कौर पुमोरी चोटी पर पंहुची और उसके कुछ ही देर बाद गुणबाला शर्मा भी शिखर पर पहुंचीं। बलजीत के साथ नूरी शेरपा और गुणबाला के साथ गेलू शेरपा ने इस अभियान को पूरा किया।

पुमोरी चोटी एवरेस्ट पर्वत श्रृंखला की कठिन चोटी है और सोलन की बलजीत ने इस पर विजय हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला होने का गौरव हासिल किया है। पुमोरी एवरेस्ट समूह की कठिन चोटियों में से है। इसे एवरेस्ट की छोटी बहन कहा जाता है, जो समुद्र तल से 7161 मीटर ऊंचाई पर है। बलजीत ने टीम के साथ 12 मई सुबह साढ़े आठ बजे पुमोरी चोटी पर तिरंगा लहराया। वहीं, पुमोरी चोटी हासिल करने के बाद आज बलजीत कौर आज सोलन पहुंची, जहां विभिन्न संस्थाओं द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया।

इस मौके पर मीडिया से बातचीत के दौरान बलजीत कौर ने कहा कि पुमोरी चोटी हासिल करने के बाद अब उनका लक्ष्य एवरेस्ट चोटी फतह करने का है, वह इन्होंने इसको लेकर सरकार से भी मांग की है कि वे प्रतिभा शील खिलाड़ियों का सहयोग करें, ताकि वे आगे बढ़ सके। उन्होंने बताया कि पुमोरी चोटी पर उनकी टीम का माहौल ऐसा था कि यह कठिन रास्ता कैसे कट गया उन्हें पता भी नहीं चला। ट्रैक पर कई बार हाथ ठंडे हो जाते हैं। एक बार दस्ताने गिर गए, यह उनके लिए परीक्षा की कठिन घड़ी थी। उन्हें बचपन से सेना में जाने का शौक था, उनके पापा भी फौज से सेवानिवृत्त थे। इसके कारण उन्होंने एनसीसी ज्वाइन कर ली थी। उन्होंने सहयोग देने वाले सोलन के कुछ समाजसेवियों का आभार जताया है।