जज्बा: मंडी में बर्फ में 6 किमी पैदल चल महिला कर्मी ने किशोरों को लगाई कोविड वैक्सीन

उज्जवल हिमाचल। मंडी

हिमाचल ऐसे ही कोरोना वैक्सीनेशन में नंबर वन नहीं बना है। स्वास्थ्य कर्मियों के जज्बे ने हिमाचल को कोरोना वैक्सीनेशन में देश का पहला राज्य बनाया है। वहीं, अब 15 से 18 साल आयु वर्ग के छात्रों के वैक्सीनेशन में भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। खराब मौसम और बर्फबारी भी इनके हौसलों को कम नहीं कर पा रहा है।

दरअसल, मंडी जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें महिला स्वास्थ्य कर्मी बर्फ की मोटी चादर से ढके रास्तों पर करीब 6 किलोमीटर पैदल सफर करते हुए स्कूली छात्रों को कोरोना वैक्सीन की डोज देने के लिए स्कूल पहुंची। इस वीडियो को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया और सीएम जयराम ठाकुर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया है।वैक्सीनेशन के लिए हेल्थ वर्कर ने बर्फ में 6 किमी पैदल किया सफर। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने वीडियो को शेयर करते हुए हेल्थ वर्कर की हिम्मत की दाद दी है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि “साहस की पराकाष्ठा उम्मीद की किरण है। देश की हेल्थ आर्मी देश का अभिमान है।

वहीं, सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि “कोविड वैक्सीनेशन अभियान के अंतर्गत प्रदेश में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा समर्पणभाव से दी जा रही सेवाएं सफल गाथा लिख रही है। मंडी में खराब मौसम एवं बर्फबारी के बावजूद स्वास्थ्य कर्मी बच्चों के वैक्सीनेशन हेतु मजबूत मनोबल के साथ सेवाएं देने जा रही है। हेल्थ वर्कर्ज को साधुवाद।”हिमाचल में इन दिनों बारिश और बर्फबारी की वजह से आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बर्फबारी की वजह से जगह-जगह सड़के बंद हैं। फिसलन की वजह से पैदल सफर करना भी खतरे से खाली नहीं है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी ऐसे दुर्गम इलाकों में कोरोना वैक्सीन के लिए पहुंच रहे हैं। जहां साफ मौसम में भी जाना कठिनाइयों भरा होता है।