साढे़ 11 लाख सेब की पेटी पहुंची सोलन मंडी, दो अरब का हुआ व्यापार

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। साेलन

देश की आधुनिक मंडियों में शुमार सोलन की फल एवं सब्जी मंडी इन दिनों सेब की लाली से गुलजार है। जिला सोलन की परवाणु व सोलन मंडी में अभी तक साढे़ 11 लाख सेब की पेटी पहुंच चुकी है, जिससे करीब दो अरब का व्यापार हो चुका है। वहीं, ई नाम के अंतर्गत दो करोड़ का लेन-देन डिजिटल तरीके से किया जा चुका है। वहीं, इन दिनों बड़ी मात्रा में परवाणु व सोलन मंडी में सेब पहुंच रहे हैं। किसानों को इस बार सेब के रेट भी बेहतर मिले हैं।

हालांकि इन दिनों 400 से दो हजार रुपए तक सेब की पेटी बिक रही है, लेकिन इस से पूर्व 4 हजार रुपए तक भी सेब की प्रति पेटी बिकी जिस से बागवानों के चेहरे लाल है। हमारें संवाददाता से बात करते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों से सेब लेकर आए किसानो ने बताया कि इस से पूर्व उन्हें सेब के बेहतर दाम मिले, लेकिन इन दिनों दामों में कुछ कमी आई है। उन्होंने कहा कि उनका पैसा सीधा उनके खातों में आता है।

वहीं, एपीएमसी के सचिव रविंद्र शर्मा ने बताया कि अभी तक दो अरब का व्यापार साढे़ 11 लाख सेब की पेटियों से हो गया है। उन्होंने कहा कि इस बार सेब के दाम शुरुआती दौर में अच्छे मिले हैं। इन दिनों भी दो हजार के करीब पेटी बिक रही है। उन्होंने बताया कि ई नाम के तहत दो करोड़ का व्यापार किया गया है।