पुरूष वर्ग की 25वीं इंटर पॉलिटेक्निक खेलकूद प्रतियोगिता शुरू

उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश के बहु तकनीकी संस्थानों में विशेष स्थान रखने वाले राजकीय बहु तकनीकी संस्थान कांगड़ा में पुरुष वर्ग की 25वीं अंतर- बहुतकनीकी खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोहित राठौर द्वारा किया गया।  यह जानकारी संस्थान के प्रधानाचार्य अश्विनी कुमार ने दी। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी का संस्थान में पहुंचने पर संस्थान के प्रधानाचार्य अश्विनी कुमार, शिक्षक और बच्चों ने पुष्प देकर स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की। संस्थान के प्रधानाचार्य ने स्मृति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया।

बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। संस्थान के प्रधानाचार्य अश्विनी कुमार ने अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी को संस्थान के इतिहास और इस खेल प्रतियोगिता के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्रधानाचार्य ने बताया कि खेलों के इस आयोजन में प्रदेश भर के पुरुष वर्ग के 14 बहु तकनीकी संस्थानों से लगभग 459 प्रशिक्षणार्थी खेलों में हिस्सा ले रहे हैं और इसमें वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन और टेबल टेनिस की प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं।

यह भी पढ़ेंः रेनबो के छात्रों का राज्यस्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन के दौरान बच्चों से खेल भावना से खेल प्रतियोगिता खेलने के लिए कहा। उन्होंने कहा युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए और प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में किसी एक खेल को अवश्य अपनाना चाहिए। ऐसा करने से तन और मन दोनों स्वस्थ हो रहते हैं। उन्होंने ध्वजारोहण करके खिलाड़ियों को शपथ दिलाई और बच्चों, उनके साथ आए हुए स्टाफ तथा आयोजन कर्ताओं को इस खेल प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। इस शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहित संस्थान के प्रधानाचार्य अश्विनी कुमार, संस्थान के अध्यापक, अन्य संस्थाओं से आए हुए अध्यापक और बच्चे मौजूद रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें