देश में बीते 24 घंटों में सामने आए कोरोना के 35,871 नए मामले

उज्जवल हिमाचल। नई दिल्ली

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस के 35,871 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान देश में 172 लोगों की मौत हुई है। इसको मिलाकर देश भर में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा बढ़कर 1.14 करोड़ के पार चला गया है। देश में कोरोना वायरस की स्थिति धीरे-धीरे बिगड़ रही है। देश में इस वर्ष पहली बार कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा के मामले सामने आए हैं। देश में आज पहली बार कोरोना वायरस के मामले 35 हजार के पार पहुंचे हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना संक्रमण के अब तक कुल एक करोड़ 14 लाख 74 हजार 605 मामले सामने आ चुके हैं। हालांकि, इसमें से एक करोड़ 10 लाख 63 हजार 25 लोग कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। देश में कोरोना के सक्रिय मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं। देश में कोरोना के एक्टिव केस बढ़कर 2 लाख 52 हजार 364 हो गए हैं। भारत में कोरोना से अब तक कुल एक लाख 59 हजार 216 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में एक बार फिर कोरोना के एक्टिव केस बढ़कर ढ़ाई लाख के पार पहुंच गए हैं।

बीते 24 घंटों में देश में 17,958 एक्टिव केस बढ़े हैं। इससे एक्टिव केस की दर बढ़कर 2.20% हो गई है। देश में बीते 24 घंटों में 17,741 लोग कोरोना संक्रमण से उबर चुके हैं। इससे रिकवरी दर बढ़कर 96.41% हो गई है। भारत की कोरोना मृत्यु दर फिलहाल 1.39% हो गई है।

कोरोना वायरस रोकथाम को लेकर एक बार फिर कई राज्यों में उपाय किए जा रहे हैं। महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में सीमित लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू लगाने जैसे सख्त कदम उठाने भी पड़ गए हैं। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल और इंदौर में बुधवार से नाइट कर्फ्यू लगाया जाएगा और 8 अन्य शहरों में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक बाजार बंद रहेंगे। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 536 नए मामले सामने आए हैं। 319 लोग डिस्चार्ज हुए और 3 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई।

देश में कोरोना की जांच का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। देश में अब तक 23 करोड़ से ज्यादा कोरोना जांच की जा चुकी है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में 17 मार्च, 2021 तक 23,03,13,163 सैंपलों की जांच हो चुकी है, जिनमें से 10,63,379 टेस्ट एक दिन में किए गए हैं। देश में कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में अब तक 3 करोड़ 71 लाख 43 हजार 255 लोगों को टीका लगाया चुका है। इसमें से 20,78,719 टीकाकरण बीते एक दिन में किया गया है।