जोगेंद्रनगर में 460 करोड़ से हर घर की बुझेगी प्यास : प्रकाश राणा

जोगेंद्रनगर। जतिन लटावा

विधायक प्रकाश राणा ने कहा कि जलशक्ति मिशन के तहत समूचे विधानसभा क्षेत्र में करीब 460 करोड़ रूपये की पेयजल योजनाएं क्रियान्वित है। इससे हर घर को स्वच्छ पेयजल गर्मी के मौसम में भी मिलेगा। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य पर प्रदेश और केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं का लाभ भी मिला है। बुधवार को जोगेंद्रनगर उपमंडल के चैंतड़ा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में भी एंबुलैंस मार्ग उनकी प्राथमिकता रही है। सड़कों के विस्तार पर कार्य प्रगति पर है और अब चैंतड़ा में पोल्ट्री फार्म का भी संचालन होगा इससे किसानों को रोजगार मिलेगा।

विरोधियों पर पलटवार करते हुए विधायक प्रकाश राणा ने कहा कि क्षेत्र का विकास उन्हें नहीं दिख रहा है और बौखलाहट में क्षेत्र की भोली भाली जनता को भ्रमित किया जा रहा है। कहा कि जलशक्ति विभाग के डिविजन खुलते ही नई पेयजल योजनाओं के लिए करोड़ों रूपये की धनराशि स्वीकृत हुई। इनमें 160 करोड़ सिंचाई पेयजल योजना पर भी खर्च हुए हैं। बताया कि हर घर में पानी की उपलब्धता के लिए पुरानी पेयजल पाईप लाईन को भी अपग्रेड किया गया है। स्वास्थ्य केंद्रों को भी अपग्रेड कर सुविधाओं में लगातार विस्तार हो रहा है। इससे पहले विधायक ने उपमंडल में मिली प्रदेश सरकार की सौगातों पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।

20 पंचायतों के महिला मंडलों और प्रतिनिधियों को मिला सम्मान
चैंतड़ा खेल मैदान में उपस्थित करीब 20 पंचायतों के डेढ से अधिक महिला मंडलों और प्रतिनिधियों के द्वारा किए जा रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों पर विधायक के द्वारा सम्मानित भी किया गया। विधायक के कार्यक्रम में एहजू, तलकेहड़, मटरू, पस्सल, टिकरी मुशहैरा, चैंतड़ा, भडयाड़ा आदि पंचायतों के प्रतिनिधियों ने उपस्थिति दर्ज करवाई। इस दौरान प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की सदस्य रीमा ठाकुर ने महिलाओं के लिए क्रियान्वित योजनाओं की जानकारी दी। विधायक के प्रवक्त अजय बावा ने क्षेत्र के चहुमुखी विकास पर विधायक का आभार जताया। इस अवसर पर बीडीसी अध्यक्षा रमा भी मौजूद रही।

खुला शौचमुक्त हो रहा है विकास खंड चैंतड़ा : विवेक चैहान

विकास खंड चैंतड़ा में आयोजित महिला सम्मान कार्यक्रम में विशेष तौर पर मौजूद विकास खंडाधिकारी विवेक चैहान ने कहा कि खुले शौच की मुक्ति के लिए विकास खंड चैंतड़ा की हर पंचायत में शौचालयों का निर्माण किया गया है। चैंतड़ा बाजार में करीब दस लाख रूपये की राशि खर्च कर शौचालय और स्नानागार स्थापित किया गया है। विधायक ने शौचालय का शुभारंभ किया। इस मौके पर चैंतड़ा बाजार के कारोबारियों और स्थानीय लोगों ने शौचालय की सुविधा उपलब्ध होने पर विधायक का आभार जताया।