देश के अंदर कांग्रेस की सरकार में घोटालों का था बोलबाला : बिंदल

उज्ज्वल हिमाचल। पांवटा साहिब

भारतीय जनता पार्टी का पांवटा मंडल का पन्ना प्रमुख सम्मेलन कार्यक्रम रामलीला मैदान पांवटा साहिब में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की इस मौके पर राजीव बिंदल ने कहा कि भारत का मतदाता, हिमाचल का मतदाता 1 जून को होने वाले चुनाव में कांग्रेस पार्टी की 2004 से 2014 के मध्य 10 साल की सरकार व 2014 से 2024 के मध्य की नरेन्द्र भाई मोदी की कार्यशैली की तुलना करके वोट देगा। कांग्रेस की सरकार में घोटालों का बोलबाला था। 2 जी घोटाला, 3जी घोटाला, कोयला घोटाला, काॅमनवैल्थ घोटाला जैसे घोटालों से देश को लगभग 20 लाख करोड़ का नुकसान हुआ। जबकि मोदी सरकार में डिजिटल इंडिया बना और लाभार्थी के खातों में सीधा-सीधा धनराशि पहुंचाई गई। डीबीटी (डायरेक्ट बैनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से लगभग 34 लाख करोड़ के लाभ लाभार्थियों तक पहुंचाए गए।

कांग्रेस के राज में केवल गरीबी हटाओ के नारे लगते थे और जनता को केवल झूठ परोसा जाता था। जबकि मोदी सरकार में गरीब कल्याण की योजनाएं चलाई। 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त में राशन, 4 करोड़ गरीबों को पक्के मकान, 50 करोड़ गरीबों को 5 लाख तक का मुफ्त ईलाज, 11 करोड़ गरीबों को शौचालय और 52 करोड़ जनधन के खाते खोलकर गरीब को मजबूत किया और 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला। कांग्रेस के शासन में देश के अंदर दंगे होना, बम फटना, सुरंगे फटना, जगह-जगह पत्थरबाजी होना ये आम बात थी।

भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनेगा

कांग्रेस राज में भारत आतंकवादी और माओवादी गतिविधियों का केन्द्र बना। मोदी सरकार में माओवाद का, गुंडाराज का, पत्थरबाजी का और आतंकवाद का सफाया हुआ और देश की एकता व अखंडता मजबूत हुई। डाॅ. बिन्दल ने कहा कि कांग्रेस के राज में भारत आर्थिक रूप से कमजोर हुआ। मोदी राज में भारत दुनिया की पांचवी आर्थिक महाशक्ति बना और अब मोदी की गारंटी है कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनेगा।

ब्यूरो रिपोर्ट पांवटा साहिब

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें

Please share your thoughts...