71वें वन महोत्सव पर समलूही में रोपे 5000 पौधे

एसके शर्मा। हमीरपुर

71वें राज्य स्तरीय डिजिटल वन महोत्सव के उपलक्ष्य पर हमीरपुर की निकटवर्ती ग्राम पंचायत सासन के गांव समलूही में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधायक नरेंद्र ठाकुर ने हरड़ का पौधा लगाकर इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज और वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के संबोधन का ऑनलाइन सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के सभी प्रतिभागियों और वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी और पौधरोपण अभियान को एक जन आंदोलन का रूप देने की अपील की। विधायक नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि पौधरोपण के बाद हमें पौधों की देखभाल का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। तभी ये पौधरोपण कार्यक्रम सार्थक सिद्ध होंगे और हमारे पहाड़ी प्रदेश का हरित आवरण बढ़ेगा।

कार्यक्रम के दौरान हरड़, बहेड़ा, आंवला, शीशम, कचनार, तूनी, नीम, अर्जुन और अन्य औषधीय एवं फलदार पौधों सहित लगभग पांच हजार पौधे लगाए गए। इस मौके पर मुख्य अरण्यपाल अनिल जोशी ने बताया कि हमीरपुर वन मंडल में इस सीजन में लगभग 300 हैक्टेयर भूमि पर करीब एक लाख 42 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है।

पौधरोपण कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश चंद शर्मा, महामंत्री सुरेश सोनी, अन्य पदाधिकारी, वन मंडल अधिकारी एलसी वंदना, एसीएफ नागेंद्र गुलेरिया, विभाग के अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी पौधरोपण किया।