श्रीलंका नौसेना ने पकड़े 55 भारतीय मछुआरे

एमके स्टालिन ने मांगी केंद्र सरकार से मद्द

उज्जवल हिमाचल डेस्क…

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने विदेश मंत्री डा. एस जयशंकर से श्रीलंकाई नौसेना द्वारा पकड़े गए 55 भारतीय को छुड़ाने में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। सीएम ने इस संबंध में विदेश मंत्री को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने कहा कि श्रीलंकाई नौसेना ने पिछले 24 घंटे के दौरान दो घटनाओं में 55 मछुआरों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने इन मछुआरों और 73 मछली पकड़ने वाली नौकाओं की तत्काल रिहाई का अनुरोध किया है। स्टालिन ने अपने पत्र में कहा, रामेश्वरम, रामनाथपुरम जिले के 43 मछुआरे छह मशीनीकृत नौकाओं में पाल्क खाड़ी में मछली पकड़ रहे थे। उन्हें 18 दिसंबर को गिरफ्तार कर श्रीलंका के नौसेना बेस मायलाट्टी ले जाया गया।

19 दिसंबर को एक अन्य घटना में, मंडपम, रामनाथपुरम जिले से दो नौकाओं में 12 मछुआरों को गिरफ्तार किया गया और उन्हें श्रीलंका में नौसेना बेस कल्पट्टी ले जाया गया। मुख्यमंत्री ने कहा, मुझे यह बताते हुए दुख हो रहा है कि तमिलनाडु सरकार द्वारा भेजे गए कई पत्रों के बावजूद श्रीलंकाई नौसेना द्वारा मछुआरों की गिरफ्तारी और उत्पीड़न की घटनाएं लगातार जारी हैं। स्टालिन ने आगे कहा, वर्ष 2021 में ही तमिलनाडु के मछुआरों की गिरफ्तारी और हमले की 19 घटनाएं हुईं।

हालांकि मछुआरों को बाद में छोड़ दिया गया था लेकिन मछली पकड़ने वाली नौकाएं अभी भी श्रीलंकाई अधिकारियों की हिरासत में हैं, जो इन मछुआरों की आजीविका हैं। इसके अलावा, इसी अवधि के दौरान दो अन्य घटनाएं भी सामने आईं जिनमें पांच मछुआरे मारे गए। स्टालिन ने कहा, श्रीलंकाई नौसेना को तमिलनाडु के मछुआरों के पारंपरिक अधिकारों के प्रयोग को डरा-धमकाकर रोकने के बार-बार प्रयासों को जारी रखने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। मैं भारत सरकार से इस मुद्दे को हल करने के लिए ठोस कदम उठाने का अनुरोध करता हूं।