71वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ

258.82 हैक्टेयर वन क्षेत्र में किया जाएगा पौधरोपण

उमेश भारद्वाज। सुंदरनगर

71वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वर्चुअल कांफ्रेंस के माध्यम से किया। इस मौके पर सुंदरनगर के कांगू में सुकेत वन मंडल के मंडल स्तरीय वन महोत्सव में मुख्यमंत्री विडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे। विधायक राकेश जंवाल ने मंडल स्तरीय वन महोत्सव के शुभारंभ पट्टिका का अनावरण किया। इस मौके पर विधायक राकेश जंवाल व उपस्थित अन्य लोगों द्वारा जामुन, आंवला व दाडू के पौधे लगाए गए। वर्चुअल कांफ्रेंस के माध्यम से विधायक राकेश जंवाल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सुकेत वन मंडल में चल रहे पौधरोपण कार्य बारे अवगत करवाया।

उन्होंने बताया सुकेत वन मंडल में विभिन्न योजनाओं में इस वर्ष 258.82 हैक्टेयर वन क्षेत्र में पौधरोपण किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न प्रजातियों के जैसे आंवला, हरड़, बहेड़ा, खैर व देवदार इत्यादि के कुल 168310 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य है, जिसमें स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा इस वर्ष 3 हैक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के 2400 पौधे लगाए जाएंगे।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पौधों को लगाने व उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया। उपमंडल स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम में निदेशक वन प्रशिक्षण केंद्र सुंदरनगर कृपाशंकर, वन मंडल अधिकारी सुंदरनगर सुभाष पराशर, संयुक्त निदेशक वन प्रशिक्षण केंद्र तिलक राज, वन निगम के मंडलीय प्रबंधक अमरीश कुमार, भाजपा मंडलाध्यक्ष प्रताप ठाकुर, जिला भाजपा प्रवक्ता घनश्याम वर्मा, कांगू पंचायत के उपप्रधान रोशन लाल सहित अनेक गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।