एमसी ग्राउंड कांगड़ा में धूमधाम से मनाया 75वां स्वतंत्रता दिवस

अंकित वालिया। कांगड़ा

आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर 2021 राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस समारोह एमसी ग्राउंड कांगड़ा में रविवार काे धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीम कांगड़ा अभिषेक वर्मा रहे। उन्होंने सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने विधिवत रूप से तिरंगा फहराया। तिरंगा फहराने के साथ ही मार्चपास्ट व राष्ट्रीय गान की रस्म को निभाया। मुख्यातिथि महोदय ने अपने संबोधन में बताया कि भारतवर्ष को आजाद करने के लिए हजारों महापुरुषों ने वर्षों तक कठिनाइयों का सामना कर कर और बलिदान देकर आखिर देश को आजाद करवाया। वर्ष 1947 देश को 15 अगस्त के दिन आजादी मिली थी।

अंग्रेजों के जुल्मों को करीब 200 साल तक झेलने के बाद मिली मुक्ति में कई स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने खून की आहुति दी। ऐसे में हर भारतीय के लिए ये दिन बहुत महत्वपूर्ण होता है। लोग स्वतंत्रता दिवस पर सेनानियों द्वारा किये गए अप्रतिम त्याग और बलिदान को याद करते हैं। आजादी दिलाने में महापुरुषों ने समस्त भारतवर्ष के लोगों को एक साथ एकत्रित करके एक दिशा और एक उद्देश्य को रखकर देश को आजाद कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया और अंततः देश को आजादी दिलाई । उन्होंने कहा कि हम सभी को भलि-भांति यह पता है कि महापुरुषों के बलिदानों के कारण हमें कई वर्षों के बाद आजादी प्राप्त हुई।

हम सभी ने एक आजाद भारत वर्ष में जन्म लिया है, परंतु हमें हमेशा याद रखना चाहिए कि हमारे उन महापुरुषों ने भारत को आजाद करने के लिए कितनी ही कठिनाइयों का सामना किया है और कितने की बलिदान दिए हैं। अतः प्रत्येक व्यक्ति का समाज के लिए एक कर्तव्य बनता है। जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को एक अच्छा भारतवर्ष बनाने के लिए जिस तरह भी हो योगदान देना चाहिए। एक ऐसा भारतवर्ष बनाना, जिसमें कोई भी किसी प्रकार से दुःखी ना हो। ऐसा देश बनाकर हम अपने उन महापुरुषों के लिए सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं।

मुख्य अतिथि महोदय ने कोरोना महामारी के इस दौर में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को पुरस्कृत किया जिन्होंने अपने अपने कार्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किए हैं। इन संस्थाओं में विनोद अग्रवाल व टीम सेवा भारती, उमेश शर्मा व टीम सनातन धर्म सभा, वीरेंद्र चौधरी व टीम कांगड़ा सेवियर, सनी कौल व टीम हिमालयन सेवियर, पंकज व टीम जनमानस सेवा संगठन, नंदन व टीम कांगड़ा यूथ क्लब, नवीन धीमान व टीम धेनम आश्रम, जसप्रीत व टीम छोटा साहिब जादा ऑक्सीजन सेवा आदि सभी सामाजिक संस्थाओं को सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कृत किया तथा उनके कार्यों की
प्रशंसा की।

इसके अतिरिक्त सुनील डोगरा एक्स प्रेसिडेंट रोटरी क्लब को प्लांटेशन के कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया। एमसी कांगड़ा की उस टीम को भी मुख्यातिथि ने पुरस्कृत किया जिन्होंने ऐसे लोगों की दाह संस्कार किया, जिनकी कोरोना कारण मृत्यु हुई और समाज द्वारा उनका दाह संस्कार नहीं किया जा रहा था। स्वास्थ्य के क्षेत्र से कोरोना दौरान उत्कृष्ट कार्य करने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। अर्शिया चौधरी को चेस खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट खेल के लिए सम्मानित किया गया। वर्णिका को जेई मेन टॉपर के लिए सम्मानित किया गया।

पर्यावरण दिवस पर ड्राइंग कंपटीशन के विजेताओं को भी मुख्यातिथि ने सम्मानित किया। इस महापर्व के मौके पर बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी, जिनमें जीएबी पब्लिक स्कूल कांगड़ा द्वारा राष्ट्रीय गान व देश भक्ति के गाने प्रस्तुत किए गए। जिन्हें मुख्यातिथि ने सम्मानित किया। जी ए बी सीनियर सेकेंडरी स्कूल कांगड़ा के बच्चों ने देशभक्ति समूह गान प्रस्तुत किया और उन्हें भी मुख्यातिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त आकांक्षा, समृति, पार्थ, ईवान शर्मा, आराध्या, शिरल सोनी, गौरी, समर्थ, शिवन्या, रिद्धिमा, पलक, अरनव सोनी आदि सभी ने अपने अपनी प्रस्तुति दी और उन्हें मुख्यातिथि ने सम्मानित किया।

कलाकार राहुल बॉब ने भी इस शुभ अवसर पर अपनी प्रस्तुति दी। सूर सागर अकादमी द्वारा स्वतंत्रता दिवस के इस मौके पर विभिन्न प्रकार की देशभक्ति संबंधित प्रस्तुतियां पेश की गई। और इन सभी को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। आज के इस कार्यक्रम में मुख्यातिथि एसडीएम कांगड़ा अभिषेक वर्मा सहित डीएसपी कांगड़ा सुनील राणा, राजकुमारी वाइस प्रेसिडेंट, नरेंद्र त्रेहान जनरल सेक्टरी, प्रेस बंधु व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।