कांगड़ा की 15 विधानसभा सीटों पर 91 प्रत्याशी आजमा रहे अपनी किस्मत

कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए मतदान शुरू हो गया है। जिला कांगड़ा की 15 विधानसभा सीटों पर मतदान के लिए कुल 1627 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिलेभर में 30 मतदान केंद्रों का संचालन महिला कर्मचारी कर रही हैं। मतदान प्रक्रिया 8000 कर्मचारी पूरा करवा रहे हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में दो-दो आदर्श मतदान केंद्र बनाए हैं। जिले में 158 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। कांगड़ा जिला में प्रदेश की सबसे ज्यादा 15 विधानसभा सीटें हैं।

जिलेभर के 13,34,542 मतदाताओं के लिए निर्वाचन विभाग ने 1627 मतदान केंद्र बनाए हैं। कुल मतदाताओं में 6,53,661 महिला व 6,80,875 पुरुष हैं। सुलह हलके में सबसे ज्यादा नौ जबकि नगरोटा बगवां और पालमपुर में सबसे कम चार-चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा नूरपुर और जवाली में पांच-पांच, देहरा, जसवां-परागपुर, ज्वालामुखी, जयसिंहपुर, कांगड़ा, धर्मशाला और बैजनाथ विधानसभा क्षेत्रों में छह-छह प्रत्याशी आमने-सामने होंगे। शाहपुर और इंदौरा में सात-सात तथा फतेहपुर से आठ प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। फतेहपुर का साथ कुठेड़ा पौंग बांध के टापू पर व बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के तहत दुर्गम बड़ा भंगाल में 7700 फीट की ऊंचाई पर मतदान केंद्र बनाया है। बड़ा भंगाल के लिए हेलीकाप्टर से जबकि सथ कुठेड़ा के लिए नाव के माध्यम से टीम भेजी है।

संवाददाताः ब्यूरो कांगड़ा