दिल्ली की तरह हिमाचल काे भी विकसित करेगी “आप” : अनूप केसरी

दिनेश चौधरी। फतेहपुर

आम आदमी पार्टी (आप) की एक अहम बैठक विश्राम गृह फतेहपुर में ब्लॉक अध्यक्ष आम आदमी पार्टी रवि कुमार की अध्यक्षता में हुई, जिसमें आप के प्रदेशाध्यक्ष एडवोकेट अनूप केसरी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। विस क्षेत्र फतेहपुर के अध्यक्ष रवि कुमार सहित कार्यकर्ताओं द्वारा उनका फूल मालाओं को पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एडवोकेट अनूप केसरी ने कहा कि प्रदेश के हर विस क्षेत्र में जाकर पार्टी संगठन को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में होने वाले विस चुनावों में आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल शीघ्र ही हिमाचल के दौरे पर आ रहे हैं।

एडवोकेट अनूप केसरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता भाजपा और कांग्रेस के खोखले वादों और आश्वासनों से दुखी हो गई है और तीसरे विकल्प की तलाश में है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश को भी दिल्ली की भांति विकसित करना चाहती है। उन्होंने भाजपा के 4 साल के कार्यकाल को निराशाजनक करार देते हुए कहा कि यह सरकार केवल मात्र कर्ज रूपी बैसाखियों के सहारे चल रही है। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी, र्भ्ष्टाचार के बोझ तले दब रही है। पेट्रोल, डीजल व रसोईगैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिनके चलते हर खाद्य पदार्थ पर महंगाई बढ़ी है।

जनता के खून पसीने की कमाई को बर्बाद किया जा रहा है। अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह संधू जिला कांगड़ा-चंबा के प्रभारी कर्नल नरेंद्र सिंह पठानिया, एससी मोर्चा के संगठन मंत्री सुशील बेल, किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष जसवंत सिंह, युवा मोर्चा के ज्वाइंट सेक्रेटरी निप्पी धीमान, फतेहपुर विधानसभा के अध्यक्ष रवि कुमार शर्मा, विधानसभा के युवा मोर्चा के अध्यक्ष तिलक राज, फतेहपुर विधानसभा के कार्यकारणी उपाध्यक्ष विजय काैडंल सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।